Pilibhit News: जेल गया 50 हजार का इनामी बदमाश
हवालात में तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर साल 2013 में भागा था सूरजपाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बृहस्पतिवार को पकड़े गए 50 हजार रुपये के इनामी सूरजपाल को पूछताछ के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
गांव हरिहरपुर निवासी सूरजपाल ने 2012 में अपने साथियों के साथ मिलकर बरखेड़ा क्षेत्र के एक बच्चे का अपहरण कर फिरौती मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। वर्ष 2013 में न्यायालय में पेशी पर गया था, जहां हवालात में उसने तबीयत खराब होने का हवाला दिया। जैसे ही पुलिस कर्मियों ने उसे बाहर निकाला, थोड़ी देर बाद वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
बताया जाता है कि सूरज ने एक बार जेल के अंदर भी खुद पर हमला किया था। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद फिर जेल भेज दिया गया था। सूरजपाल पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। पूछताछ में पता चला कि फरार होने के बाद सूरजपाल बिहार में जिला भागलपुर के थाना बुद्धचौक के नया टोला कथरिया में अमन कुमार नाम रखकर रहने लगा।
उसने वहां की एक महिला से शादी भी कर ली। जबकि उसकी पहले यहां शादी हो चुकी थी। बिहार की महिला से अब उसका तलाक का मामला चल रहा है। जिसके चलते सूरज यहां आया हुआ था। बृहस्पतिवार को बरेली की एसटीएफ ने सूचना मिलने पर उसे पकड़ लिया। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया है कि शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया।



