Rampur News: पीपली वन की उत्तराखंड सीमा पर दो गुटों में फायरिंग, तीन लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलकखानम (रामपुर)। पीपली धाम के रास्ते पर महिलाओं से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इनके बीच फायरिंग भी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को गदरपुर के अस्पताल से रुद्रपुर और हल्द्वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में सात लोगों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमला समेत अनेक धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गदरपुरा कुलवंत नगर निवासी नंदराम ने थाने में तहरीर देकर कहा कि इरफान, रणजीत सिंह, सोनू संधू, नबी अहमद उर्फ नबिया, सफी अहमद, काका, मेजर सिंह व कुछ अन्य शनिवार को माता बाल सुंदरी मंदिर पीपली धाम जाने वाले रास्ते पर खड़े थे और आने जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। उसके भाई भोला एवं उसके साथियों ने विरोध किया गया, तो उक्त युवक देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए।
सोमवार शाम करीब सात बजे भोला और उसके साथी उत्तराखंड उत्तर प्रदेश बॉर्डर की सीमा पीपली जंगल से पशुओं के लिए चारा लेकर अपने घर लौट रहे थे। कुलवंत नगर डाम के पास के पास पहुंचने पर उक्त लोग अचानक से तमंचे, बंदूक, तलवार, लाठी डंडे लोहे की रॉड, पाटल व चाकू लेकर आ गए और गाली-गलौज करते भोला और उसके साथियों के साथ मारपीट करने लगे। उक्त लोगों ने जान से मारने की नियत से बंदूक और तमंचे से भोला और उसके साथियों पर गोली चला दी जिससे भोला, शिवम एवं कृष गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से उन्हें रुद्रपुर और हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर इरफान, रणजीत सिंह, सोनू संधू, नबी अहमद, सफी अहमद, काका व मेजर सिंह के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 323, 504 व 506 में केस दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर किया जाएगा। थाना मिलकखानम पुलिस का कहना है कि घटना उत्तराखंड सीमा में हुई है, जहां गदरपुर की पुलिस ने कार्रवाई कर दी है।

