रामपुर

Rampur News: राज्यपाल का दौरा निरस्त, रजा लाइब्रेरी बोर्ड की बैठक वर्चुअल लेंगी

Connect News 24

रामपुर। मौसम खराब होने की वजह से राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का बुधवार को रामपुर का दौरा निरस्त हो गया है। अब वह वर्चुअल रजा लाइब्रेरी का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद बोर्ड की बैठक में शामिल होंगी। यहां से वह 11 बोर्ड सदस्यों के साथ विकास पर चर्चा करेंगी। इससे पहले उनके आगमन को लेकर लाइब्रेरी में विशेष तैयारियां की गई थीं। रजा लाइब्रेरी में राज्यपाल का तीन घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित था।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल रामपुर की रजा लाइब्रेरी के बोर्ड की अध्यक्ष हैं। बोर्ड समिति में 11 अन्य सदस्य भी शामिल हैं। इन्हीं के साथ बुधवार को बोर्ड की बैठक में राज्यपाल शामिल होने के लिए आ रही थीं। राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क था। राज्यपाल की सुरक्षा में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। मंगलवार को रजा लाइब्रेरी में विशेष तैयारियां की गई थीं , मगर ऐन वक्त पर शाम को सूचना प्राप्त हुई कि राज्यपाल का रामपुर आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। अब वह वर्चुअल माध्यम से लाइब्रेरी की बोर्ड बैठक में शामिल होंगी। लाइब्रेरी में प्रदर्शनी का उद्घाटन सहित अन्य कार्यक्रम अब वर्चुअल होंगे।

वर्चुअल माध्यम से भी हो सकती है बड़ी घोषणा

अगले साल रजा लाइब्रेरी के 250 साल पूरे हो रहे हैं। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। रामपुर महोत्सव के जरिए रजा लाइब्रेरी के 250 साल पूरे होने पर जश्न मनाया जा रहा है। राज्यपाल के लाइब्रेरी की वर्चुअल बोर्ड बैठक में शामिल होने पर कुछ विशेष घोषणा होने की उम्मीद है।

राज्यपाल के आगमन की तैयारियां की गई थीं, लेकिन मौसम खराबी की वजह से अब उनका आना नहीं हो रहा है। अब वर्चुअल माध्यम से ही बोर्ड बैठक कराई जाएगी।

-रविंद्र मांदड़, जिलाधिकारी, रामपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button