Shahjahanpur News: चार पहिया वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दोस्त जख्मी
शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव दोषपुर नागर निवासी धनीराम के पुत्र सोनू (30) की बाइक में किसी चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी बाइक पर दो दोस्त भी सवार थे। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई।
खेतीबाड़ी करने वाला सोनू बुधवार को गांव निवासी दोस्त सुनील व हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के गांव मैकापुर निवासी राहुल के साथ अल्हागंज के गांव हरनगरा में रिश्तेदारी में आया था। रात करीब दस बजे घर लौटते समय फर्रुखाबाद मार्ग पर ढाबे के पास किसी चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सोनू की पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजन के सुपुर्द कर दिया है।

