शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: लाखों की कीमत से बने स्ट्रीट वेंडिंग जोन पड़े हैं खाली

Connect News 24

शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से स्ट्रीट वेंडरों के लिए वेंडिंग जोन का निर्माण करवाया गया था। शहर में गर्रा पुल, गदियाना और टाउनहाल के पास स्ट्रीट वेंडिंग जोन बने हैं, जोकि अपने निर्माण के समय से ही खाली पड़े हैं, जबकि इनके निर्माण में लाखों रुपये खर्च हुए थे।

पुराना गर्रा पुल पर पहला वेंडिंग जोन बनाया गया था। यहां पहले 30 दुकानें बनाई गईं। बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 60 कर दी गई। इस पर करीब 15 लाख रुपये की लागत आई। दुकानों के आवंटन के लिए पांच हजार रुपये सिक्योरिटी मनी के रूप में जमा कराने का प्रावधान रखा गया। प्रति दुकान तीन सौ रुपये महीना किराया रखा गया। जब यह वेंडिंग जोन बनकर तैयार हुआ तो दुकानदारों ने दुकानें आवंटित करा लीं, लेकिन धीरे-धीरे दुकानें खाली होती गईं। बाद में इन दुकानदारों ने सड़क किनारे कब्जा कर लिया। दुकानदारों का कहना है कि वेंडिंग जोन में लोग खरीदारी करने कम आते हैं, इसलिए दुकानें खाली कर दीं और सड़क के किनारे दुकानें चलाने लगे।

रोडवेज क्रॉसिंग को जाने वाले मार्ग पर बनीं 35 दुकानें

लाल इमली चौराहा से रोडवेज के पास स्थित क्राॅसिंग की ओर से जाने वाले मार्ग पर भारद्वाजी कॉलोनी के पास नगर निगम ने वेंडिंग जोन बनाया। इसमें 35 दुकानें बनाईं गईं। इसकी लागत करीब 15 लाख रुपये आई। यहां भी कुछ गिनी-चुनी दुकानों को लोगों ने किराए पर लिया है। यहां भी कई दुकानें खाली पड़ी हैं।

निगोही रोड पर बने वेंडिंग जोन में आज तक नहीं लगीं दुकानें

नगर निगम ने निगोही रोड पर गदियाना चुंगी के पास वेंडिंग जोन बनाया गया, इनमें कुल 54 दुकानें हैं। इसकी लागत करीब 40 लाख रुपये आई। यहां पर भी स्ट्रीट वेंडरों ने दुकानें आवंटित नहीं कराईं। नगर निगम के अधिकारियों ने अभी आवंटन की प्रक्रिया ही शुरू नहीं की है, जबकि गदियाना चुंगी के पास सड़क पर स्ट्रीट वेंडरों का कब्जा होने की वजह से अक्सर जाम लगता रहता है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि निकाय चुनाव के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वेंडिंग जोन में दुकान लेने को करें संपर्क

शहर में स्थित वेंडिंग जोन में यदि कोई व्यक्ति दुकान लेना चाहता है, तो वह नगर निगम कार्यालय में संपर्क कर सकता है। इसके साथ ही सहायक नगर आयुक्त मधुसुदन लाल आर्य के मोबाइल नंबर 8009503096, कंट्रोल रूम संपर्क सूत्र 05842-225437 पर काल करके जानकारी ली जा सकती है।

नगर निगम की ओर से वेंडिंग जोन में बनाई गईं दुकानों को आवंटित कराने के लिए पांच हजार रुपये सिक्योरिटी रूप में और तीन सौ रुपये माह किराया लिया जाता है। स्ट्रीट वेंडर सिक्योरिटी और दुकान का किराया देना नहीं चाहते हैं। इसकी वजह से अधिकतर दुकानें खाली हैं।

– मधुसूदन लाल आर्य, सहायक नगर आयुक्त


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button