Budaun News: इस्लामनगर में बंदर को बांधकर घसीटा, खाई में फेंका तो दम तोड़ा

इस्लामनगर में बंदर को बांधकर घसीटते हुए ले जाता व्यक्ति। फोटो वीडियो से लिया गया
बदायूं। इस्लामनगर कस्बे में एक बंदर को रस्सी से बांधकर घसीटते हुए उसे खाई में फेंक दिया गया। कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
मामला रविवार दोपहर का बताया जा रहा है। वीडियो में बंदर को बांधकर घसीटने वाला युवक दूसरे समुदाय का प्रतीत हो रहा है। उसके साथ एक और युवक चल रहा है, जिसके हाथ में डंडा है। युवक ने एक छोटे बंदर को रस्सी से बांध रखा है। उसके हाथ पीछे बांध दिए गए हैं और युवक उसे घसीटते हुए चौधरी बदन सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज के नजदीक ले गया।
उस दौरान सड़क पर तमाम वाहन दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने बंदर को छुड़वाने की जहमत नहीं उठाई। कुछ देर बाद युवक ने बंदर को सड़क किनारे खाई में फेंक दिया। बाद में बंदर ने दम तोड़ दिया। अभी इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। पशु मित्र विकेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस को तहरीर दी जा रही है। संवाद
मोहकमपुर में संरक्षित पशु को भाला घोंपा, रिपोर्ट
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मोहकमपुर में संरक्षित पशु को भाला घोंपकर उसकी हत्या की कोशिश की गई। वह काफी दूर तक शरीर में लगे भाले के साथ दौड़ती रही। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, लेकिन यह पता नहीं चला कि आखिर किसने पशु को भाला घोंपा है। बिसौली कस्बे के विभोर शर्मा ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। संवाद


