Budaun News: खेत की तारकशी में छोड़े गए करंट की चपेट में आकर महिला की मौत

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
तारकशी कर पास ही बिजली की लाइन से चोरी से जोड़ दिया तार
महिला के बेटे ने खेत मालिक तीन भाइयों के खिलाफ दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
इस्लामनगर (बदायूं)। मोहल्ला मुस्तफाबाद में खेत की तारकशी कर उसमें चोरी से छोड़े गए करंट की चपेट में आने से महिला किसवरी (55) की मौत हो गई। महिला के बेटे ने खेत मालिक तीन भाइयों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला मुस्तफाबाद निवासी किसवरी पत्नी मौला बख्श का परिवार बेहद गरीब है। उसके बेटे शाकिर के मुताबिक उसकी मां किसवरी बुधवार सुबह करीब नौ बजे दरांती लेकर पशुओं के लिए नजदीकी खेतों में घास काटने गई थी। वहां उसके मोहल्ले के तीन भाइयों जमशेद, जाविद और फिरोज खां ने अपने खेत में चारों ओर तारकशी कर रखी थी।
वहीं बिजली का खंभा लगा है। उसी से गुजरी बिजली लाइन से तार खींचकर तारकशी में लगा दिया गया था। किसवरी ने कुछ घास काटकर इकट्ठी कर ली। वह तीनों भाइयों के खेत की मेड़ पर घास काटने को बैठी थी कि तभी तारकशी में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई।
उस दौरान कुछ लोग नजदीकी खेत में काम कर रहे थे। किसवरी को गिरता देख वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को तार से अलग करने की कोशिश की लेकिन ऐसे नहीं कर पाए और महिला की वहीं मौत हो गई। नजदीकी खेत वालों की सूचना पर उसके परिवार के लोग रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। बताया जा रहा है कि यह खबर फैलने के बाद तीनों भाई घर से भाग गए। थाना पुलिस ने मामले की छानबीन कर महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाकिर ने खेत मालिक तीनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। इधर, अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई कराएंगे।
–
तारकशी में छोड़े गए करंट की चपेट में आकर कई लोग गवां चुके हैं जान
जिले में तारकशी में छोड़े गए करंट की चपेट में आने से महिला की मौत का मामला पहला नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। मई 2023 में कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गुलाबगंज गनियाई में रामेश्वर (55) की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह मक्का की फसल की रखवाली करता था और एक डॉक्टर के फॉर्म हाउस पर चौकीदारी करता था। इसके अलावा मूसाझाग क्षेत्र में भी इसी प्रकार एक किसान की जान चली गई थी। इससे पहले फरवरी में फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव डरेला में दो सूअर मर गए थे तो कुंवरगांव क्षेत्र के बनेई गांव में भी एक सूअर मरा गया था। इसमें खेत मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद


