गंगा में मिला महिला का शव: नाराज होकर घर से गई थी विवाहिता; हत्या कर नदी में फेंके जाने की आशंका

घटनास्थल पर पुलिस, विवाहिता का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता महिला का शव शुक्रवार को गंगा में उतराता मिला। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव परशुराम नगला निवासी 30 वर्षीय सीमा पत्नी राकेश तीन दिन पहले परिवार में मामूली विवाद होने पर नाराज होकर चली गई थी। उसने बताया था कि वह पड़ोस में फसल को देखने जा रही है। इसके बाद वह नहीं लौटी तो परिजनों को आशंका हुई।
परिजन उसकी तलाश में खेत पर पहुंचे, जहां वह नहीं मिली। इसके बाद उसके मायके वाले और ससुरालीजन उसकी लगातार तलाश करते रहे। इसके बाद परिजन कोतवाली पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी।


