Budaun News: उझानी कोतवाली पहुंचे कासगंज के मृतकों के परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 24 Oct 2023 01:15 AM IST
बदायूं। कछला इलाके में सरियों से पीटकर मारे गए कासगंज के दो लोगों के परिवार वाले सोमवार को उझानी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कोतवाली में मौजूद प्रभारी इंस्पेक्टर और एसओजी प्रभारी ने परिवार वालों से जानकारी जुटाई। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कासगंज के हीरालाल और इंद्रपाल की 19 अक्तूबर को कछला इलाके में फूलपुर-प्रमिला नगर रोड पर सरियों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव 30 मीटर की दूरी पर पड़े मिले थे। 50 मीटर की दूरी पर उनकी बाइक भी मिली थी। परिवार वाले दोनों की हत्या का आरोप लगा रहे हैं लेकिन पिछले दो दिन तक कोतवाली पुलिस हादसा मानती रही। शनिवार को उनके परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे तब तक कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मौके से आला कत्ल बरामद किए। वहां से एक मोटी सरिया और एक जैक उठाने वाली सरिया बरामद हुई थी। दोनों पर ही मृतकों का खून लगा था। सोमवार अपराह्न हीरालाल और इंद्रपाल के परिवार वाले उझानी कोतवाली पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक उनकी पुलिस और एसओजी टीम के प्रभारी से बात होती रही। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस ने दोनों के परिवार वालों से उनके बारे में जानकारी जुटाई। इस संबंध में परिवार वालों ने बताया कि वह हत्या के संबंध में पुलिस से आगे की कार्रवाई जानने आए थे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई होगी।


