बरेली

Bareilly News: शहर जाम… बस-ट्रेन ठसाठस, पीईटी अभ्यर्थी बे-बस

Connect News 24

बरेली। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान शनिवार को शहर के कई इलाकों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। ट्रेनें खचाखच रहीं। यात्रियों का दबाव बढ़ने से रोडवेज सेवा भी चरमरा गई। वहीं, पीईटी अभ्यर्थी बे-बस नजर आए। जंक्शन पर स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ और जीआरपी को मशक्कत करनी पड़ी। रविवार को भी शहर के व्यस्त इलाकों में यही स्थिति रहने वाली है।

पीईटी के लिए शहर में 37 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 केंद्र शहर के व्यस्ततम इलाकों में हैं। इज्जतनगर और सीबीगंज में भी परीक्षा केंद्र हैं। सुबह 10 से 12 बजे की पाली में परीक्षा में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात से ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा छूटने और दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के दौरान सड़कों पर दबाव बढ़ने से जाम की समस्या पैदा हो गई।

श्यामगंज से बरेली कॉलेज और श्यामगंज से सेटेलाइट, पीलीभीत बाइपास, नावल्टी चौराहे पर दिन में कई बार जाम लगा। मालियों की पुलिया पर ट्रैफिक लाइट खराब होने से इस रोड पर ज्यादा समस्या रही। इधर, दोपहर बाद भीड़ बढ़ने के कारण रोडवेज बस सेवा भी चरमरा गई। कई रूटों के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दिव्यांग और महिला कोचों पर भी अभ्यर्थियों का कब्जा

परीक्षार्थियों की भीड़ ने अप-डाउन ट्रेनों में महिलाओं और दिव्यांगों के लिए आरक्षित कोचों पर भी कब्जा कर लिया। बरेली होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में काफी भीड़ रही। यात्रियों को कोच की खिड़की से ट्रेनों में घुसना पड़ा। ट्रेनों के बाथरूम में भी यात्री घुस गए। आरक्षित कोचों में भीड़ की शिकायतें भी आती रहीं। इस दौरान कई बार ट्रेन में सवार होते समय पैर फिसलने से यात्रियों के प्लेटफार्म पर गिरने गिरने की भी घटनाएं हुईं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button