Budaun News: दिवाली से पहले परिवहन निगम को मिलेंगी 25 नई बसें
बदायूं। दिवाली पर परिवहन निगम के बड़े में 25 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। इसके बाद बसों की संख्या बढ़कर 131 हो जाएगी, जिससे जिले के यात्रियों को भी आने-जाने के लिए सुविधाएं बढ़ेंगीं। वहीं, निगम का भी राजस्व बढ़ेगा। कुछ नए रूटों पर भी बसों को संचालन किया जा सकेगा।
जिले में परिवहन निगम के पास इस वक्त 106 सरकारी और 43 अनुबंधित बसें हैं। हालांकि, सरकारी बसों में कुछ ऐसी भी हैं, जो मानक से ज्यादा चल चुकी हैं और उनका समय भी लगभग पूरा हो गया है लेकिन बसों की कमी के चलते उन्हें रूट से अभी हटाया नहीं गया था। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि जब शासन से नई बसें मिलेंगीं तो ज्यादा पुरानी बसों को हटा दिया जाएगा।
20 से अधिक बसें हटाई जा चुकीं : छह माह पहले कुछ बसों को खटारा घोषित किया गया था। जिसके बाद करीब 20 से अधिक बसों को चलन से बाहर किया जा चुका है। परिवहन निगम पिछले दो माह से नई बसों के आने का इंतजार कर रहा है। इनके आने के बाद कुछ और बसों को हटाया जाएगा।
बगरैन और दबतोरी मार्ग पर नहीं चलतीं रोडवेज बसें : जिले में इस समय बगरैन और दबतोरी मार्ग पर रोडवेज बसें नहीं चल रहीं हैं। सहसवान से नाधा, इस्लामनगर होते हुए बहजोई के लिए, म्याऊं-लिलवां के लिए और बिसौली-आसफपुर मार्ग पर भी रोडवेज बसें नहीं चल रहीं थीं लेकिन अब इन रूटों पर बसों को संचालित कराया जा रहा है। बदायूं-आंवला रोड पर भी बदायूं डिपो की कोई बस नहीं चल रही है। शायद नई बसें मिलने के बाद इन रूट पर चलाया जा सकता है।
प्रतिदिन 22 से 25 हजार यात्री करते हैं सफर : रोडवेज बसों में प्रतिदिन 22 से 25 हजार सफर करते हैं। नवदुर्गा, कनागत और रमजान जैसे महीनों में यात्रियों की संख्या घटकर 17-18 हजार ही रह जाती है। जबकि, त्योहार पर यात्रियों की संख्या दोगुनी हो जाती हैं। सबसे ज्यादा सवारियां दिल्ली की रहती है। फिर बरेली, आगरा और कासगंज की।


