Bareilly News: नकली तेल बेचने के आरोप में सात आरोपियों पर रिपोर्ट
बरेली। सचिन ब्रांड का नकली तेल बाजार में खपाने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने गंगापुर की फर्म के सात व्यापारियों व बिचौलिये के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शिव शक्ति एस्टेट कॉलोनी निवासी कारोबारी सचिन गुप्ता की ओर से गंगापुर की फर्म के मालिक सुमित खंडेलवाल, मनोज खंडेलवाल, राघव खंडेलवाल, तनु खंडेलवाल, विकास खंडेलवाल, रितेश खंडेलवाल उर्फ भूरा व बिचौलिये हरी अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सचिन काफी समय से शिकायतें कर रहे थे कि उनके ब्रांड के नाम से नकली तेल को गंगापुर की फर्म के लोग बेच रहे हैं। उन्होंने पहले खुद नकली तेल पकड़कर बारादरी थाने में शिकायत की थी। कार्रवाई हल्की होने से आरोपी फिर यही धंधा करने लगे।
बृहस्पतिवार रात सचिन गुप्ता व उनके साथियों ने नाथ नगरी ट्रांसपोर्ट पर खड़ी गाड़ी में लदा उनके ब्रांड का नकली तेल प्रेमनगर पुलिस से पकड़वा दिया। 50 टिन नकली तेल पकड़ा गया। मौके पर लदान करा रहे दो लोगों को पकड़कर पुलिस ने पूछताछ की थी। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि दोनों लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। पुलिस खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम से सहयोग लेकर विवेचना करेगी।


