Shahjahanpur News: लुढ़का पारा, सर्दी ने पकड़नी शुरू की रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 17 Nov 2023 12:52 AM IST

शाम को पांच बजे शहर में छाया कोहरा। संवाद
शाहजहांपुर। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आने से सर्दी ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। पांच दिन के अंदर न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वर्ष भी 16 नवंबर को लगभग समान तापमान दर्ज किया गया था।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, बुधवार को अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जबकि, पिछले वर्ष 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम तापमान 13.6 दर्ज किया गया था जो कि लगभग समान है। पांच दिन पहले 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया था तब से न्यूनतम तापमान में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

