बदायूं : खुद को चाचा बताकर 12वीं की छात्रा को स्कूल से ले गया दूसरे समुदाय का युवक
– तीन साल पहले सोशल मीडिया पर छात्रा से जुड़ा था, अपहरण का मुकदमा दर्ज
बदायूं। शहर के एक नामचीन स्कूल से इंटर की छात्रा को दूसरे समुदाय का युवक खुद को उसका चाचा बताकर ले गया। छात्रा ने अध्यापकों से पेट में दर्द बताते हुए घर भेजने को कहा था। बताया गया मोबाइल नंबर उसी युवक का था। षड्यंत्र के तहत वहां पहुंचा युवक छात्रा को बाइक पर बैठाकर ले गया। मामला खुलने पर खोजबीन में जुटी पुलिस ने कई होटलों में तलाश किया, मगर कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने अपहरण की धारा में मामला दर्ज किया है।
शहर के एक मोहल्ले की 17 वर्षीय छात्रा दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक एचपी इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं में पढ़ती है। इसी स्कूल में उसकी छोटी बहन भी कक्षा सात में पढ़ती है। परिवार वालों के मुताबिक मंगलवार सुबह दोनों बहनें स्कूल गई थीं।
दोपहर में स्कूल से पूछा गया कि उनकी बेटी घर पहुंची या नहीं। इस पर परिजनों ने पूछा कि उनकी बेटी को किसके साथ भेजा है। इस पर बताया गया कि छात्रा ने पेट में दर्द बताते हुए एक मोबाइल नंबर दिया था। जब उस नंबर पर बात की गई तो बात करने वाले ने बताया कि लड़की को लेने के लिए उसके चाचा को भेज रहे हैं। कुछ देर बाद एक युवक आया और छात्रा को लेकर चला गया। यह सुनकर परिवार वाले भौचक रह गए। छात्रा के माता-पिता पहले उसके स्कूल पहुंचे, फिर सिविल लाइंस थाने में सूचना दी। दर्ज रिपोर्ट में मां का कना है कि उनकी बेटी को बागपत जिले का फैजल ले गया है। वह तीन साल पहले सोशल मीडिया के जरिये उनकी बेटी के संपर्क में आया था। मां के मुताबिक उनकी बेटी उसकी हर बात उन्हें बताती थी। परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की। तब छात्रा ने कहा था कि अब वह उससे बात नहीं करेगी। छात्रा की मां ने बताया कि युवक ने छात्रा से पासपोर्ट बनवाने के लिए भी कहा था। मां की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई ने बताया कि छात्रा की तलाश कराई जा रही है। युवक का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ है। खोज में दो टीमें लगी हुई हैं।
–
मां ने स्कूल की व्यवस्था पर उठाए सवाल
छात्रा की मां ने स्कूल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जब स्कूल में माता-पिता का मोबाइल नंबर मौजूद था तो उन्होंने छात्रा के बताए नंबर पर कॉल क्यों की। उन्होंने छात्रा की छोटी बहन से भी नहीं पूछा कि युवक उसके परिवार का सदस्य है या नहीं। छात्रा को भेजने के बाद उन्होंने परिवार के नंबरों पर कॉल कैसे कर ली।
फैजल ने बिछाया जाल, ट्रू-कॉलर से बदली पहचान
बदायूं। मंगलवार को शहर के एक स्कूल से इंटर की छात्रा को ले जाने वाला बागपत का युवक काफी लंबे समय से योजना बना रहा था। उसने योजना के अनुसार अपने मोबाइल नंबर के ट्रूकॉलर पर छात्रा के पिता का नाम फीड कर लिया था, तो वहीं छात्रा के कैनुला लगाकर स्कूल पहुंचना भी योजना का हिस्सा था। इसमें एक-दो और लोग शामिल होने की आशंका है। देर रात पुलिस ने बागपत निवासी फैजल के अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक मंगलवार सुबह या सोमवार रात ही बदायूं आ गया था। स्कूल जाने से पहले उसकी छात्रा से बात हुई। योजना के तहत छात्रा के हाथ में कैनुला लगाया गया, जिससे वह अपने स्कूल में बीमारी का बहाना बना सके और स्कूल के अध्यापक उसे ले जाने के लिए घर पर कॉल करें।
युवक ने अपने मोबाइल नंबर के ट्रूकॉलर पर पहले ही छात्रा के पिता का नाम फीड किया हुआ था, जिससे वह कॉल करे तो अध्यापक के मोबाइल नंबर पर छात्रा के पिता का नाम आ जाए। छात्रा ने उसके बताए अनुसार स्कूल में चक्कर आने का बहाना किया। छात्रा ने भी पिता का नंबर बदल गया होना बताते हुए अध्यापकों से उसी नंबर पर कॉल करने को कहा, जो मोबाइल नंबर युवक ने दिया था। उसकी योजना के अनुसार काम होता चला गया और वह छात्रा को लेकर लापता हो गया।
–
छात्रा को विदेश ले जाना चाहता है युवक
छात्रा की मां के अनुसार दो साल पहले उन्हें लड़की के युवक से बात करने की जानकारी हुई थी। तब उन्होंने छात्रा को समझाने की कोशिश की थी। उस दौरान युवक का झूठ भी पकड़ा गया था। छात्रा की मां ने उसका आधार कार्ड मांगा था, लेकिन युवक ने नहीं दिया। इसके बाद छात्रा युवक से बात नहीं करने के लिए राजी भी हो गई। छात्रा ने ही मां को बताया था कि युवक उसका पासपोर्ट बनवाना चाहता है। इससे आशंका है कि वह छात्रा को विदेश ले जाना चाहता है।
–
स्कूल के प्रबंध निदेशक ने दी सफाई
छात्रा स्कूल में कैनुला लगाकर आई थी। उसने अध्यापकों को बताया था कि उसे चक्कर आ रहे हैं। हालत देखकर उसे रिसेप्शन में बैठा दिया गया था। अध्यापकों ने उसके पिता के मोबाइल नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, छात्रा ने बताया कि यह नंबर नहीं लगता। उसने एक नंबर दिया। ट्रू-कॉलर पर उसके पिता का नाम लिखकर आ रहा था। जब उस नंबर पर बात हुई तो उधर से कहा गया कि वह अपने चचेरे भाई राहुल को भेज रहे हैं। वह युवक आया और छात्रा को लेकर चला गया। कुछ देर बाद युवक के नंबर से रिसेप्शन पर धोखे से कॉल लग गई। उधर से हंसी मजाक की आवाज आ रहीं थीं। वह कह रहे थे बेवकूफ बना दिया। तब शक हुआ और परिवार वालों के साथ-साथ पुलिस को सूचना दी। हमने सभी कॉल रिकॉर्ड और वीडियो फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं।
– शिवम पटेल, प्रबंध निदेशक, एचपी इंटरनेशनल स्कूल


