Bareilly News: अजमेर शरीफ के संदल, केवड़े और गुलाब से महकेगी दरगाह
बरेली। उर्स-ए-रजवी हर साल की तरह इस बार भी अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह से संदल, गुलाब और केवड़ा आया है। उर्स की पूर्व संध्या पर यह आला हजरत की दरगाह पर पेश किया जाएगा। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शनिवार की रात में गुस्ल की रस्म अदा की जाएगी। इसमें दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां, सज्जादानशीन अहसन मियां, अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन सैयद सुल्तानुल हसन चिश्ती व सैयद आसिफ मियां संदल, केवड़ा और गुलाब से मजार शरीफ पर गुस्ल की रस्म अदा करेंगे। साथ ही पहली चादर पेश की जाएगी।
शहर के लोग आज से करेंगे जायरीन की मेहमाननवाजी
आला हजरत का उर्स 10 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए जायरीन की आमद जारी है। शनिवार से भीड़ बढ़ जाएगी और शहर के लोग भी मेजबान बन कर जायरीन की मेहमाननवाजी में लग जाएंगे। इधर, सैयद आसिफ मियां और उर्स प्रभारी राशिद अली खान की निगरानी में उर्स की तैयारियां चल रही हैं। उर्स की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा खां ने टीटीएस के रजाकारों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें कहा कि बाहर से आने वाले जायरीन को किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। इस दौरान नासिर कुरैशी, मौलाना, जाहिद रजा, शान रजा, मुजाहिद रजा, आलेनबी, इशरत नूरी, नईम नूरी, गौहर खान, साजिद नूरी, तारिक सईद आदि रजाकार मौजूद रहे।
नए लुक में नजर आएगी दरगाह
आला हजरत दरगाह में अंदर काफी बदलाव किया गया है। इस बार दरगाह नए लुक में नजर आएगी। मुफ्ती सलीम नूरी ने बताया कि इस बार दरगाह में किए गए बदलाव के कारण जायरीन हाजिरी के दौरान रुहानियत महसूस करेंगे। राजस्थानी संगमरमर व टाइल्स के साथ बेहतरीन रंग-बिरंगे कांच से गुंबद को सजाया गया है। गुजरात के कारीगरों ने बेहतरीन नक्काशी कर दरगाह को बेहद खूबसूरत बना दिया है।


