बरेली

Bareilly News: रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार अधिवक्ता व साथी की मौत

Connect News 24

नवाबगंज। अस्पताल में भर्ती पत्नी के लिए खाना लेकर दोस्त के साथ जा रहे अधिवक्ता की बाइक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। ट्रक में फंसकर बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।

कस्बे के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी शिक्षक रामपाल गंगवार के बेटे अमित कुमार गंगवार तहसील में अधिवक्ता हैं। उनकी पत्नी वंदना अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार देर रात अमित पत्नी को खाना देने के लिए सतुईया खुर्द निवासी अपने दोस्त राकेश कुमार उर्फ भूरा के साथ बाइक पर बैठकर अस्पताल जा रहे थे।

रेस्टोरेंट से खाना लेने के लिए जैसे ही वह सहकारी गन्ना समिति के पास पहुंचे सामने से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में रोडवेज की बस बाइक को टक्कर मारती दिख रही है। अंधेरा होने की वजह से डिपो का नाम या बस का रजिस्ट्रेशन नंबर नजर नहीं आ रहा है।

बस में फंसकर घिसटती चली गई बाइक

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि टक्कर के बाद बाइक बस में फंसकर कई मीटर तक घिसटती चली गई। दोनों बाइक सवारों के शव भी क्षत-विक्षत हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया है।

बुझ गया घर का इकलौता चिराग

अमित अपने पिता के इकलौते बेटे थे। दो साल पहले ही उनकी वंदना से शादी हुई थी। दंपती का कोई बच्चा नहीं है। हादसे के बाद अमित की पत्नी वंदना के साथ बहन अर्चना, दीप्ति और अलका के साथ पिता रामपाल और मां भगवानदेई का रो-रोकर बुरा हाल है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button