Bareilly News: देरी से मंजूरी… दिवाली से पहले गड्ढामुक्त नहीं हो पाएंगी सड़कें
बरेली। शासन ने दिवाली तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन जिले में ऐसा संभव नहीं दिख रहा। यहां सिस्टम देरी से चेता। मुख्यालय ने कार्ययोजना देरी से मांगी। जो कार्ययोजनाएं गईं, उनकी मंजूरी भी एक साथ नहीं हुई। विशेष मरम्मत की मंजूरी इसी महीने दो किस्तों में आई है। 164 में से 78 मार्गों के टेंडर हो गए हैं। अभी 86 मार्गों के टेंडर होने हैं। अब तक किसी भी सड़क पर काम शुरू नहीं हो सका है।
शासन ने 164 सड़कों की विशेष मरम्मत मंजूर की है। लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय ने पहले चरण में 78 सड़कों के 98.31 किलोमीटर हिस्से में विशेष मरम्मत के लिए 17.32 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। 27 अक्तूबर तक इनके वर्क ऑर्डर जारी हो जाएंगे। ठेकेदारों को काम पूरा करने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा। ये 78 सड़कें 27 नवंबर तक गड्डामुक्त हो सकेंगी।
दूसरे चरण में 86 सड़कों के 106 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत के लिए 16.78 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। 4.20 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। टेंडर 25 अक्तूबर से आठ नवंबर तक निकलेंगे। वर्क ऑर्डर 15 नवंबर तक जारी होंगे। अगर 30 दिन का समय ठेकेदार को दिया गया तो 15 दिसंबर तक सड़कों की विशेष मरम्मत होगी।
मौसम की चुनौती: सर्दी बढ़ेगी तो कैसे होगा डामर का काम
दिसंबर में सर्दी बढ़ जाती है। तापमान कम होने से डामर के मार्ग का निर्माण कराना मुश्किल होता है। दूसरे चरण की सड़कों की मरम्मत के लिए मौसम की चुनौती भी रहेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह ने बताया कि कई सड़कों पर काम हो रहा है। विशेष मरम्मत के प्रस्ताव चरणबद्ध तरीके से मंजूर हो रहे हैं। जो काम बाद में मंजूर हुए हैं, उन्हें भी नवंबर में ही पूरा करा लेंगे।
वर्षों से बदहाल हैं सड़केंफोटो
नवाबगंज क्षेत्र में चंदूपुर-शिवनगर मार्ग काफी समय से टूटा पड़ा है। क्षेत्रीय लोग विधायक से मांग कर चुके हैं, लेकिन सड़क नहीं बन सकी। आसपास के कई गांवों के किसान और ग्रामीण आवागमन को लेकर मुश्किल में हैं। बहेड़ी क्षेत्र में दादा मियां की मजार से मिंतरपुरा मार्ग पांच वर्ष से खराब है।



