बरेली

Bareilly News: साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

Connect News 24

फरीदपुर। चौधरी राजेश्वर सिंह किसान इंटर कॉलेज के छात्रों ने सोमवार को फरीदपुर थाने पहुंचकर पुलिस की कार्यशैली को जाना। साइबर अपराध के साथ उन्होंने यातायात नियमों की जानकारी ली। सीओ गौरव सिंह ने छात्रों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने के लिए कहा।

अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत थाने पहुंचे छात्रों ने महिला हेल्प डेस्क, दिवसाधिकारी का स्थान, सीसीटीएनएस कार्यालय, डाक कार्यालय, शस्त्रागार, बंदी गृह देखा। एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया को जाना। सीओ ने बताया कि अगर आपके सामने सड़क हादसा होता है तो तत्काल उसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दें। घायल को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इन दिनों साइबर अपराध तेजी से बढ़ा है। अगर आपके मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कोई मेसेज आता है तो उसमें दिए लिंक पर क्लिक न करें। बैंक संबंधी जानकारी किसी को न दें। बैंक कभी कॉल करके ओटीपी नहीं पूछता है। अगर आपके पास ऐसी कोई कॉल आती है तो जानकारी न दें। अनजान नंबर से आने वाले वीडियो कॉल्स को रिसीव न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले मेसेज या वीडियो को बिना जानकारी फारवर्ड न करें।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने के लिए स्टंट न करें। ऐसा करने पर आप खुद को चोट पहुंचा सकते हैं। इस दौरान थाने के हेड मोहर्रिर रिजवान खान, कॉलेज की प्रिंसिपल मृदुला चंद्रा, चंद्रदेव गंगवार, अमित बाबू आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button