Budaun News: मारपीट और फायरिंग में 80 पर रिपोर्ट, चार गिरफ्तार

दवतोरी में तैनात पुलिस प्रशासन अधिकारी।
– दबतोरी में वीडियो वायरल करने वाले आरोपी के स्वागत में जुलूस निकालने पर बिगड़ा था माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। दबतोरी में शुक्रवार रात हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 31 नामजदों समेत करीब 80 महिला-पुरुषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी जमे हुए हैं।
दबतोरी निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू जाटव ने तीन-चार दिन पहले देवी देवताओं और दूसरी जातियों के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो वायरल किए थे। इससे उन लोगों में नाराजगी थी। उन्होंने कोतवाली आकर देवेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार शाम देवेेंद्र जमानत करवाकर घर लौटा। इसी दौरान उसके साथियों और समाज के लोगों ने जुलूस निकाला। गांव में पहुंचकर नारेबाजी की और दूसरी जातियों के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे माहौल बिगड़ गया।
दूसरी जातियों के लोगों ने विरोध किया तो आरोपी उन पर हमलावर हो गए। उन्होंने कई लोगों से मारपीट की। पथराव किया और फायरिंग भी की। इससे गांव में तनाव फैल गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के राहुल, अशोक, रवि, गुड्डू, विजय, विकास, सोनू, सूरजपाल, विवेक, सुरेश, धर्मेंद्र, सौरभ, ओमवीर, अंशु, अजय, विशाल, सनी, बंटी, साधु उर्फ विवेक, शिवा पुत्र राजेंद्र, ललित, आकाश पुत्र सुरेश पाल, सोमेंद्र, रोहन, ठाकुर, शिवा पुत्र धनपाल, छोटे, आकाश पुत्र प्रेमपाल, नीरज, राजू, धर्मेंद्र के अलावा 40-50 अज्ञात लोगों पर बलवा, जान से मारने की कोशिश समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
इसमें पुलिस ने राजकुमार, विक्की, अजीत और इस्केंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को एसपी देहात अजय प्रताप सिंह व एसडीएम कल्पना जायसवाल ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
–
आंबेडकर मूर्ति का चश्मा उतारकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश
शुक्रवार रात जिस वक्त बवाल हुआ था, उसी दौरान खुराफाती तत्वों ने भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर लगा चश्मा उतार दिया। जहां प्रतिमा लगी है, उसके चारों ओर आरोपी के समाज के लोगों के घर हैं। वहां तक जाने के लिए पतली गली है। अनुमान है कि आरोपियों में से किसी ने मूर्ति पर लगा चश्मा उतारकर दूसरा बवाल करने की कोशिश की और बाद में इसी बात की अफवाह फैलाई।
मुख्य आरोपी ने रची बवाल की साजिश
पुलिस ने दर्ज कराई एफआईआर के अनुसार इस हमले की साजिशकर्ता देवेंद्र उर्फ गुड्डू है। उसने जमानत कराने के बाद अपने साथियों को एकत्र कर लिया। सभी को जुलूस निकालने के लिए बुलाया। सभी को समझा दिया गया था कि गांव में पहुंचकर पूरा रौब दिखाना है।
गुड्डी ने लगाया घर में तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप
इस हमले में घायल गुड्डी ने कई लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह रात अपने घर में खाना बना रही थी। तभी आठ-दस लोग घुस आए। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ दिया और परिवार वालों के साथ मारपीट की। चारपाई तोड़ डाली, घर में रखा कुछ सामान भी लूट ले गए। उसे भी काफी चोटें आईं।
–
शुक्रवार रात आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला आरोपी और उसके साथी एकत्र होकर जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। इसमें दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। किसी भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा।
– डाॅ. ओपी सिंह, एसएसपी
![]()
दवतोरी में तैनात पुलिस प्रशासन अधिकारी।