Budaun News: समाज में कई रूपों में घूम रहे मंथरा और रावण

माहेश्वरी भवन में श्री राम कथा के दौरान पूजा करते भक्तगण। संवाद
बिल्सी में रामकथा का सातवां दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। श्री रामकृष्ण समिति के तत्वावधान में नगर के कछला रोड स्थित माहेश्वरी भवन में चल रही श्रीराम कथा के सातवें दिन कथावाचक अयोध्यादास रामायणी ने रामकथा की शुरुआत कुंभकरण व मेघनाद वध से की। उन्होंने कहा कि समाज में कई रूपों में मंथरा और रावण धूम रहे हैं, उनसे सतर्क रहने की जरूरत है।
कथावाचक ने राम-रावण युद्ध के बारे में कहा कि लंकापति रावण युद्ध करने के लिए रणभूमि पहुंचा। उसने राम की सेना के शामिल सभी योद्धाओं लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव, अंगद से संग्राम किया। अंत में श्रीराम-रावण के बीच युद्ध हुआ। भगवान राम ने रावण के दसों सिर काट दिए। उसके बाद भी जब रावण का वध नहीं हुआ, तो विभीषण ने श्रीराम को बताया कि रावण की नाभिकुंड में अमृत है। भगवान राम ने रावण की नाभि पर वार किया। नाभि में तीर लगते हुए रावण जमीन पर जा गिरा और उसकी मृत्यु हो गई।
कथावाचक ने कहा कि भगवान राम ने रावण को मार दिया, लेकिन आज भी समाज में कई रूपों में मंथरा व रावण घूम रहे हैं। इनसे सदैव सतर्क रहने की जरूरत है। इस मौके पर नरेंद्र गरल, चन्द्रपाल तोष्नीवाल, सत्यपाल वार्ष्णेय, लोकेश बाबू, मनोज वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, नीरज माहेश्वरी, दुर्गेश बाबू, आशीष वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।