Budaun News: रुपयों के लेन-देन में हुई थी चौकीदार की हत्या

सिविल लाइन थाने में खड़े आरोपी।
– नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में तीन जुलाई को मिला था शव, दो गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर के नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में चौकीदार की हत्या लेन-देन के विवाद में की गई थी। इसमें पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चौकीदार का पेन कार्ड भी मिला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए जेल भेज दिया है।
दो जुलाई की रात नलकूप निर्माण खंड कार्यालय में चौकीदार कृष्ण अवतार की हत्या कर दी गई थी। दूसरे दिन सुबह कार्यालय में उसका शव फर्श पर पड़ा मिला था। पास में मेज पर शराब की एक खाली बोतल, तीन गिलास और मुरादाबादी दाल के तीन कुल्हड़ रखे मिले थे। उनकी संख्या के आधार पर हत्यारोपियों की संख्या भी दो मानी जा रही थी। थाना पुलिस ने उसी दौरान मामले की छानबीन शुरू कर दी। इसमें कई लोगों को पकड़ा गया और उनसे पूछताछ भी की गई।
चौकीदार कृष्ण अवतार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव दौरी निरोत्तमपुर का रहने वाला था। वर्ष 2004 में उसे मृतक आश्रित के रूप में नौकरी मिली थी। तब से वह कार्यालय से पांच सौ मीटर दूर सरकारी आवास में रह रहा था और रात में ही कार्यालय की चौकीदारी करता था। उसकी हत्या के संबंध में पुलिस ने छोटे भाई महेश की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
इस मामले में पुलिस ने अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दारानगर निवासी छोटे लाल पुत्र प्रसादी और हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कोड़ा जयकरन निवासी दुर्वेश पुत्र शंभू दयाल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में छोटेलाल ने बताया कि कृष्ण अवतार को वह पहले से जानता था। उसका घर पर भी आना-जाना था। इससे उसने कृष्ण अवतार से कुछ रुपये उधार ले लिए थे लेकिन वह लौटा नहीं पाया था। वह लगातार तकाजा कर रहा था।
दो जुलाई की रात वह शराब की बोतल लेकर अपने रिश्तेदार दुर्वेश के साथ नलकूप निर्माण खंड कार्यालय पहुंचा। शराब पीने के बाद उसकी गालीगलौज हो गई। चौकीदार मारपीट करने लगा। इससे उसने धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गया। चौकीदार ने काटने की कोशिश की लेकिन उसने पेट पर लात मार दी, जिससे वह बेहोश हो गया। उसके मुंह से खून आने लगा। तभी वह मौके से भाग गए। बाद में पता चला कि चौकीदार की मौत हो गई है। हत्याकांड के खुलासे में इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई और एसओजी प्रभारी धर्वेंद्र कुमार का सहयोग रहा।
–
छोटेलाल के थे चौकीदार के सीने पर मिले चप्पल के निशान
तीन जुलाई को जब पुलिस ने चौकीदार का शव बरामद किया था। तब चौकीदार कृष्ण अवतार के सीने पर चप्पल के निशान मिले थे। सबसे पहले हत्या का अनुमान चप्पल के निशान से ही लगाया गया। अमर उजाला ने इस बात को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पुलिस जांच में चप्पल के निशान छोटेलाल के निकले।
–
नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में हुई चौकीदार की हत्या का खुलासा हो गया है। इसमें दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने ही रुपयों के लेन-देन के विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की थी। कार्रवाई के बाद दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया गया है।
– आलोक मिश्रा, सीओ सिटी