Pilibhit News: डायरिया ने कसा शिकंजा, रोज आ रहे 30 फीसदी मरीज

दवा लेने के लिए जिला अस्पताल में लगी मरीजों की कतार। संवाद
जिला अस्पताल : गंभीर लक्षण दिखने पर तुरंत आकस्मिक वार्ड में भर्ती कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिला अस्पताल में डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले मरीजों में करीब 30 फीसदी डायरिया के आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गंभीर लक्षण दिखने पर उन्हें फौरन आकस्मिक वार्ड में भर्ती कराने के निर्देश दिए हैं।
भीषण गर्मी का असर सीधा लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 800-1000 मरीज आ रहे हैं। जिनमें करीब 300 मरीज डायरिया के हैं। अस्पताल प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक इनमें से जिन मरीजों में हल्के-फुल्के लक्षण दिख रहे हैं उन्हें सामान्य दवाएं व सावधानी रखने की हिदायत देकर घर भेज दिया जा रहा है। जबकि अन्य मरीजों को आकस्मिक वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है।
जनरल फिजिशियन डॉ सुरेन्द्र पांडे ने बताया कि यदि मरीजों को समय पर भर्ती करके इलाज न किया जाए तो हालात बेहद खराब हो सकती है। इस वजह से गंभीर मरीजों को भर्ती करने के आदेश मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से मिले हैं। जिला अस्पताल के आकस्मिक विभाग के आंकड़ों के मुुताबिक भर्ती होने वाले 40 मरीजों में 10 मरीज डायरिया के हैं। इसके चलते ओपीडी के चिकित्सकों को भी सतर्कता से इन मरीजों की देखभाल करने के लिए कहा गया है।
00
बीमारी में पानी की भूमिका अहम
जनरल फिजीशियन डॉ सुरेश पांडे के मुताबिक डायरिया में पानी की भूमिका अहम है। ऐसे में डायरिया के मरीजों को ज्यादा से ज्यादा स्वच्छ पानी पीने और दूषित और ज्यादा ठंडा पानी पीने से बचने की सलाह दी जा रही है।
00
दिन -कुल मरीज- डायरिया के मरीज
सोमवार- 954- 276
मंगलवार-804- 240
बुधवार – 935-296
बृहस्पतिवार-893-268
शुक्रवार- 1054-303
00
डायरिया के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। ओपीडी में ड्यूटी करनेे वाले चिकित्सकों से कहा गया है कि यदि कोई डायरिया का गंभीर मरीज आता है तो तुरंत आकस्मिक वार्ड में भर्ती कराया जाए।
– डॉ संजीव सक्सेना, प्राचार्य स्वशासी मेडिकल कॉलेज

दवा लेने के लिए जिला अस्पताल में लगी मरीजों की कतार। संवाद