Pilibhit News: ई-रिक्शा संचालकों को एक माह और मिली संचालन की मोहलत

गांधी सभागार पर सांसद वरूण गांधी से मिलने पहुंचे ई-रिक्शा चालक ।
सांसद से मुलाकात कर रिक्शा चालकों ने मांगी थी मोहलत
बैठक के बाद लिया गया निर्णय, सिटी मजिस्ट्रेट भी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर में बिना चेचिस नंबरों के संचालित ई रिक्शा के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई पर फिलहाल सांसद के हस्तक्षेप के बाद एक माह तक और रोक लगा दी गई है। बुधवार को इसको लेकर सांसद वरुण गांधी से रिक्शा चालक मिले। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें एक माह के भीतर नए रिक्शा खरीदने और बिना चेचिस नंबर वाले रिक्शों का पंजीकरण कराने की बात कही गई।
शहर में जाम का कारण बने ई रिक्शा को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बिना चेचिस नंबरों के रिक्शा को सीज कर और काटने की कार्रवाई की थी। यही नहीं बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे रिक्शों को लेकर भी कार्रवाई की गई थी।
इस कार्रवाई को लेकर रिक्शा संचालकों ने डीएम से मिलकर अपनी समस्याओं को बताया। इस पर डीएम की ओर से भी सात दिन का समय दिया गया। तय समय खत्म होने पर कार्रवाई शुरू होनी थी। संचालकों ने मामले को सांसद वरुण गांधी के सामने रखते हुए समस्या का समाधान कराने और अभियान को रुकवाने की मांग की।
इसपर सांसद ने सिटी मजिस्ट्रेट से संचालकों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करने की बात कहते हुए अभियान को रुकवा दिया। बुधवार को सांसद वरुण गांधी ने अधिकारियों के साथ गांधी सभागार में बैठक की। इसमें ई रिक्शा संचालकों की समस्याओं को सुना गया।
संचालकों ने करीब छह माह का समय मांगा। इसपर अधिकारियों ने सहमति नहीं दी। बाद में सांसद से वार्ता के बाद ई रिक्शा संचालकों को एक माह का और समय दिए जाने की बात बनी। तय हुआ इस दौरान जो कमियां हैं उन्हें ई रिक्शा संचालक दूर कर लेंगे।
सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने बताया अब एक माह बाद अभियान को शुरू किया जाएगा। इस दौरान एडीएम राम सिंह गौतम, सीओ सिटी अंशू जैन, एआरटीओ वीरेंद्र सिंह के अलावा कई लोग मौजूद रहे।

