Pilibhit News: पांच हजार ने मांगा, 451 किसानों को ही मिला धान का बीज
बीसलपुर। कृषि विभाग विकास खंड क्षेत्र के 10 फीसदी किसानों (451) को भी इस वर्ष धान का बीज मुहैया नहीं करा सका है, जबकि इसके क्षेत्र के करीब पांच हजार किसानों ने आवेदन किया था। वहीं, उन्नतशील प्रजाति का बीज किसी भी किसान को नहीं मिला है।
साधन संपन्न किसान उन्नतशील प्रजाति के धान का बीज बाजार से महंगी दर पर खरीदना पड़ा, जबकि गरीब किसान उन्नतशील प्रजाति के बीज से वंचित रह गए। मजबूरी में उन्हें सामान्य प्रजाति के बीज से ही धान की नर्सरी तैयार की। सामान्य प्रजाति का धान तैयार करने में किसानों को काफी घाटा होगा।
सामान्य प्रजाति का धान बाजार में कम कीमत पर बिकता है। इस बीच जरूरतमंंद किसानों ने कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से फोन पर संपर्क साधकर भंडार में सभी प्रकार का बीज उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मजबूरी में साधन संपन्न किसानों को बाजार से बीच खरीदना पड़ता है।
इन सामान्य प्रजातियों का बीज मिला
राजकीय कृषि बीज भंडार से किसाानों को पीआर 113, पंत 24, मंसूरी, शर्बती, सिल्की, पंत चार और गया आदि सामान्य प्रजातियों का ही बीज मिल पाया।
इस बार ब्लॉक के लगभग पांच हजार किसानों ने धान की नर्सरी तैयार की है। भंडार से 451 किसानों को सामान्य प्रजाति का बीज उपलब्ध करा दिया गया है। भंडार में इस बार उन्नतशील प्रजाति और सुगंधित प्रजाति का बीज विभाग से उपलब्ध नहीं हो पाया । – वेदप्रकाश, प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार बीसलपुर।

