Pilibhit News: धूमधाम से हुआ नवदुर्गा मूर्ति का विसर्जन

शहर में निकाली गई दुर्गा मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा । संवाद
पीलीभीत। नवदुर्गा महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को दोपहर में मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। मूर्ति का विधि विधान के साथ ब्रह्मचारिणी घाट पर विसर्जन किया गया।
सोमवार को दोपहर में 2 बजे मोहल्ला खकरा, निकट पोस्ट ऑफिस से विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। सर्वप्रथम दुर्गा पंडाल में विधि विधान से मां दुर्गा की पूजा अर्चना करके हवन किया गया उसके पश्चात मां दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गईं। मां दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा मोहल्ला खकरा से शुरू होकर सुनहरी मस्जिद, जे पी रोड, बाजार गेट,थाना कोतवाली, धुनों वाला चौराहा, आयुर्वेदिक कॉलेज होते हुए ब्रह्मचारी घाट पहुंचकर समाप्त हुई। वहां विधि विधान से मूर्ति का विसर्जन किया गया।
शोभायात्रा में शामिल भक्तगण मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस फोर्स शोभायात्रा में तैनात रही। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में लोग बैंड बाजों की धुन पर झूमते हुए चल रहे थे।

शहर में निकाली गई दुर्गा मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा । संवाद



