Pilibhit News: दो मेडिकल स्टोरों पर दवाई भंडारण में मिली अनियमितता, चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 11 Nov 2023 02:43 AM IST
पूरनपुर। औषधि निरीक्षक नेहा वैश्य ने नगर के सना मेडिकल स्टोर और शोहा मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। दवा भंंडारण में दोनों मेडिकल स्टोरों पर अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। मेडिकल स्टोरों पर छापामार कार्रवाई से कई मेडिकल संचालकों में खलबली मच गई और वे अपनी दुकानें बंद कर खिसक लिए।
शुक्रवार को औषधि निरीक्षक ने नगर के शेरपुर रोड स्थित सना मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण में दवाओं से संबंधित अभिलेखों, दवाओं, क्रय विक्रय और दवा भंडारण की जांच की। उन्होंने बताया कि दवा भंडारण आदि ने अनियमितता मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालक को कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने बताया कि शोहा मेडिकल स्टोर पर भी निरीक्षण में भी दवा भंडारण आदि में अनियमितता पाई गई। मेडिकल स्टोर संचालक को विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निरीक्षण रिपोर्ट सहायक आयुक्त (औषधि) बरेली को भेजी जाएगी।

