Pilibhit News: शिकायतों के बाद हटाए गए बिलसंडा के थाना प्रभारी
-एसपी ने सुरेंद्र कुमार को दिया चार्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जनता के साथ सही व्यवहार न रखने पर बिलसंडा के थाना प्रभारी को हटा दिया गया है। उनकी जगह पर यूपी 112 के प्रभारी सुरेंद्र कुमार को वहां का चार्ज सौंपा गया है।
एसपी अतुल कुमार ने चार जून को जिले में थानेदारों के तबादले किए थे। इसमें सही से काम न करने वाले कई कर्मचारियों को लाइन में भेजा गया था। वहीं माधोटांडा के थाना प्रभारी वीरेश कुमार को थाना बिलसंडा में भेजा था और बिलसंडा एसओ अचल कुमार को माधोटांडा। तैनाती के बाद से ही थाना प्रभारी वीरेश कुमार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उनका जनता से सही व्यवहार नहीं है।
जिसके बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया और उनके स्थान पर यूपी 112 के प्रभारी सुरेंद्र कुमार को यहां का नया चार्ज दिया गया। फिलहाल वीरेश कुमार की यूपी 112 पर प्रभारी के तौर तैनाती कर दी गई है।