Rampur News: बेगम नूरबानो ने की लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा
रामपुर। दो बार रामपुर की सांसद रहीं बेगम नूरबानो ने एक बार फिर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया है। ये घोषणा पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में की गई। जिला कार्यालय में हुई बैठक में पूर्व सांसद ने जिंदगी की आखिरी सांस तक लोगों की भलाई के लिए संघर्ष की बात कही। बेगम नूरबानो ने अपने पति मिक्की मियां को याद करते कहा कि वे मुझे दुल्हन बनाकर लाए थे और यहां के लोगों का सरपरस्त बनाकर चले गए। भावुक होकर कहा कि मैं रामपुर की जनता से कायम रिश्ता कभी टूटने नहीं दूंगी। रामपुर के लोग मेरी औलाद जैसे हैं और अपने बच्चों और खानदान की खुशहाली हर मां चाहती है।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ही इस देश को जरूरत है। आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाया जाना जरूरी है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रिजवान कुरैशी ने कहा कि रामपुर हमेशा से ही कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। अब एक बार फिर कांग्रेस का सूरज रामपुर से ही निकेलगा। बेगम नूरबानो के नेतृत्व में बदलाव का संदेश रामपुर से ही देशभर में जाएगा। इस मौके एआईसीसी सदस्य मुतीउर्रहमान खां बब्लू, गन्ना विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष बाबर अली खां, अल्पसंख्यक कांग्रेस के नेता मोहम्मद अहमद, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा उर्फ निक्कू पंडित, जिला पंचायत सदस्य नुसरत बेग, साहिर अली खान, मुईन पठान आदि मौजूद रहे।