Rampur News: रामपुर में कमरा बंद कर महिला ने किया आत्मदाह
रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर सैफल खां निवासी निखहत बेगम (55) ने खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।मोहल्ला सैफल खां निवासी सलमान शमसी की कास्मेटिक की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सलमान और उसकी पत्नी निखहत घर पर थे। बताया जाता है कि सलमान घर में कुछ काम कर रहा था। इस बीच उसकी पत्नी निखहत कमरे में चली गई और खुद को कमरे में बंद कर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा ली। कमरे से धुआं निकलते देख परिवार के लोगो में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह से दरवाजा खोला तो निखहत जली पड़ी थी। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग भी आगे गए। इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलमान ने बताया कि उसकी पत्नी निखहत मानसिक रूप से परेशान थी। वहीं पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पति सलमान पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस को मामले की तहरीर दी है। गंज थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई की जाएगी। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।