Shahjahanpur News: तहसीलदार के समझाने पर किसानों ने बदला जिला मुख्यालय तक मार्च का इरादा
पुवायां। भाकियू भानू गुट के कार्यकर्ता एसडीएम से वार्ता विफल होने के बाद जिला मुख्यालय पैदल मार्च के लिए निकले। बाद में तहसीलदार से वार्ता के बाद किसान घरों को लौट गए।
भाकियू की ओर से खुटार के बिजौरा बिजौरिया में फर्जी तरीके से कराए बैनामे की जांच कराने की मांग की गई थी। नायब तहसीलदार के जांच करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। 14 सितंबर को एसडीएम और 18 सितंबर को डीएम को दिए ज्ञापन में कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके अलावा शाहजहांपुर पलिया हाईवे पर गांव इनायतपुर गांव में पुलिया निर्माण करवाने, बेसहारा पशुओं को गौशाला भिजवाने, पराली जलाने वाले किसानों का उत्पीड़न न करने, बिजली निगम की विजिलेंस टीम के किसानों का उत्पीड़न न करने के संबंध में भी ज्ञापन दिया गया था।
समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर मंगलवार को तमाम किसान डाक बंगला परिसर में एकत्र हुए। किसानों ने जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचकर एसडीएम संजय पांडे ने किसानों से वार्ता की लेकिन सहमति नहीं बनने पर किसान जिला मुख्यालय को रवाना हो गए। इसके बाद मोहम्मदी मोड़ कर तहसीलदार मनोज सिंह और सीओ पंकज पंत ने किसान नेताओं से वार्ता की। तीन दिन में समस्याओं का निस्तारण करने के आश्वासन पर किसान वापस घरों को लौट गए। इस दौरान रघुवीर सिंह, राशिराम वर्मा, सतेंद्र सिंह यादव, राजवंत सिंह सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

