Shahjahanpur News: नहीं मिली ‘थार’ तो कर दिया रिश्ते से इन्कार
पुवायां। बंडा के गांव दौलतपुर महोलिया निवासी राममूर्ति कश्यप की पत्नी विमला देवी ने शादी से इन्कार करने के आरोप में सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। विमला का कहना है कि सगाई और गोद भराई की रस्म पूरी होने के बाद वर पक्ष दहेज में ‘थार’ कार मांग रहा था। न द पाने पर वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया था।
विमला देवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री ज्योति की शादी बरेली के थाना बहेड़ी के गांव गुड़वारा निवासी राजेश कश्यप के साथ तय की थी। पांच मई को सगाई और गोद भराई की रस्म हुई थी। उन्होंने वर पक्ष को सोने की अंगूठी, चांदी का सिक्का, कपड़े, बर्तन आदि दान में दिए थे। 19 मई को राजेश के बाबा ढाकनलाल उनके भई राजवीर को लेकर घर आए और कहा कि पौत्र कार लेने की जिद कर रहा है। कुछ रुपये वह लोग दें दे, शेष राशि राजेश के परिवार के लोग मिलाकर कार खरीद लेंगे।
विमला देवी के अनुसार, उन्होंने रिश्तेदारों आदि से एकत्र कर पांच लाख रुपये ढाकनलाल को दे दिए। कुछ दिन बाद राजेश ने फोन कर शादी से मना कर दिया। इस पर वह राजेश के घर गईं तो राजेश को सामने नहीं लाकर परिवार के अन्य लोगों ने बात की, लेकिन शादी से इन्कार का कारण नहीं बताया। कुछ देर बाद राजेश के बाबा ढाकनलाल, दादी नरैनू देवी, पिता प्रदीप, मां प्रेमवती, भाई रिंकू, बहन राखी ने बताया कि उन लोगों को 12 लाख रुपये की ‘थार’ कार चाहिए। तुम लोगों ने केवल पांच लाख रुपये ही दिए हैं, सात लाख रुपये और मिलने पर ही शादी करेंगे। असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने शादी से मना कर दिया। बंडा पुलिस ने राजेश सहित सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

