Shahjahanpur News: गोबर से आकृतियां बनाकर की गोवर्धन पूजा

कृष्णानगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा करतीं महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर घरों, मंदिरों और गोशालाओं में गोवर्धन पूजा हुई। घरों व मंदिरों में जहां गोबर से आकृतियां बनाई गईं, वहीं गोशालाओं में साक्षात गोमाता का पूजन किया गया। इस दौरान सुख समृद्धि के लिए कामना की गई।
मंगलवार को सुबह जल्दी उठकर महिलाओं ने घर के आंगन को धोया। फिर गाय के गोबर से आकृतियां बनाई। इनमें देवी-देवता, सूरज, चंद्रमा, परिवार के सदस्य, गोवंश आदि की आकृतियों को उकेरा गया। इसके बाद विधिवत पूजन किया गया। कृष्णानगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में तमाम महिलाएं एकत्रित हुईं जहां उन्होंने पहले भजन-कीर्तन किया। मंदिर में बनाई गई गोवर्धन पर्वत उठाए श्रीकृष्ण की आकृति का पूजन किया। मंदिर के पुजारी ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। साथ ही गोवर्धन पूजा की कथा सुनाई। बताया कि द्वापर युग में गोकुल वासियों की रक्षा के लिए भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाया था तभी से यह पूजा होती आ रही है। इसके बाद मंदिर परिसर में भंडारा हुआ, जिसका प्रसाद श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।
इंदिरा नगर स्थित निराश्रित गोवंश चिकित्सा एवं सेवा केंद्र पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के क्षेत्र गोसेवा प्रमुख कृष्ण कुमार सक्सेना के नेतृत्व में गोमाता का पूजन किया गया। नगर निगम की ओर से मघई टोला स्थित कान्हा गोशाला में गोवर्धन पूजा हुई। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने गोमाता को तिलक लगाकर व फूलमाला पहनाकर पूजन किया। इसके बाद चारा, गुड़ आदि खिलाया और प्रार्थना की। इस मौके पर नगर निगम और गोशाला के कर्मचारी मौजूद रहे। इसी तरह से मिश्रापुर स्थित गोशाला में गोमाता का पूजन हुआ।