Shahjahanpur News: यहां हैंडपंपों के ही हलक सूखे, प्यास बुझानी है तो पानी कहीं और तलाशिए
शाहजहांपुर। शहर में लगे ज्यादातर सार्वजनिक इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं, जो चालू भी हैं, उनसे गंदा पानी आ रहा है। तमाम शिकायतों के बावजूद इन्हें री-बोर नहीं कराया जा रहा है। नगर निगम के जलकल विभाग का दावा है कि शहर में 2900 से अधिक इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं। किसी भी हैंडपंप के खराब होने या गंदा पानी आने की शिकायत मिलने पर तुरंत उसे री-बोर कराया जाता है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। शहर में ज्यादातर हैंडपंपों के हलक सूखे पड़डे हैं।
सिंजई मोहल्ले में जनता इंटर कॉलेज में लगे हैंडपंप से गंदा पानी आ रहा है। आसपास के लोगों ने बताया कि गंदा पानी आने की शिकायत कई बार नगर निगम कार्यालय में की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसी तरह मालगोदाम रोड पर लगे हैंडपंप को काफी देर तक चलाने के बाद पानी आता है। इसकी भी शिकायत की गई थी, फिर भी हैंडपंप ठीक नहीं किया गया।
रोडवेज बस अड्डे पर दो इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं, दोनों में ही पानी नहीं आ रहा। वहां लगा वाटर कूलर भी खराब पड़ा है। यात्रियों को बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। रोडवेज बस अड्डा के कर्मचारियों ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने की बात कही, इसके बावजूद कोई भी हैंडपंपों को री-बोर करने नहीं पहुंचा। एक महीने से यही हाल बना हुआ है।
नगर निगम कार्यालय में रोज आ रहीं शिकायतें
नगर निगम कार्यालय में डेडिकेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर के टोल फ्री और कंट्रोल रूम नंबर पर रोजाना हैैंडपंपों के खराब होने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। मई की शुरुआत से अब तक हैंडपंप खराब होने तथा गंदा पानी आने की 40 से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं, लेकिन इनमें से निस्तारण एक-दो का ही हो पाया है।
वर्जन
इंडिया मार्का हैंडपंपों के खराब होने या फिर उनसे गंदा पानी आने की शिकायतें मिलने पर तुरंत ही उनको ठीक कराया जाता है। अगर कहीं पर कोई हैंडपंप खराब है, उसे भी ठीक करा दिया जाएगा। – सौरभ श्रीवास्तव, महाप्रबंधक जल, नगर निगम शाहजहांपुर

