शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पार्किंग खाली, सड़क पर खड़े वाहन, जाम से जूझती जनता

Connect News 24

Parking empty, vehicles parked on the road, people struggling with traffic jam

कचहरी पुल के नीचे पार्किंग में खड़ी गाडियां। संवाद

शाहजहांपुर। पार्किंग खाली, सड़क पर खड़े वाहन, जाम से जूझते लोग…. शहर की अव्यवस्था बताने के लिए यह काफी है। यहां बता दें कि कई निजी अस्पताल, रेस्टोरेंट व शोरूम, बैंक्वेट हाल आदि में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां आने वाले लोग अपने सड़कों पर ही छोड़कर आते हैं, जो जाम का कारण बनते हैं। अंटा चौराहे से जेल रोड तक खोदाई होने के बाद किए गए रूट डायवर्जन से जाम की स्थिति विकराल हो गई है।

बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे घंटाघर से कच्चा कटरा मोड़ तक जाम ही जाम नजर आया। इस रोड पर नेत्र चिकित्सालय के बाहर कारें खड़ीं थीं। लोग अपनी कारों को सड़क पर ही खड़ा करके अस्पताल में अथवा खरीदारी के लिए दुकानों में गए हुए थे। कारों को हटवाने वाला कोई नहीं था, लिहाजा सड़क पर जगह कम होने की वजह से अन्य वाहन फंस गए और जाम लग गया। दोपहर बाद तक यहां पर वाहन रेंगते हुए निकले।

इसके अलावा कच्चा कटरा मोड़ से कनौजिया अस्पताल तक कई निजी अस्पताल और क्लीनिक मौजूद हैं। एक-दो को छाेड़कर किसी के पास अपनी पार्किंग नहीं है। अस्पताल व क्लीनिक पर आने वाले मरीजों और तीमारदारों के वाहन सड़क पर ही खड़े दिखाई दिए। यहां पर दो-तीन लाइनों में वाहन सड़क पर ही खड़े थे। इसकी वजह से जाम की समस्या बनती रही। स्कूली बच्चे व मरीज भी जाम में फंसकर परेशान होते रहे।

मल्हार सिनेमा मोड़ से तारीन टिकली तक सड़क पर होती है वाहनों की रिपेयरिंग

मल्हार सिनेमा मोड़ से तारीन टिकली मार्ग पर गद्दा, कपड़ों आदि के शोरूम हैं तो ऑटोमोबाइल्स रिपेयरिंग की कई दुकानें हैं। शोरूम पर आने वाले वाहन सड़कों पर खड़े मिले। वहीं ऑटोमोबाइल्स रिपेयरिंग की दुकानों पर आने वाले वाहनों की मरम्मत का काम सड़क पर ही होता है। इसकी वजह से मल्हार सिनेमा मोड़ से लेकर तारीन टिकली तक जाम लगा रहा। यह स्थिति रोजाना ही रहती है।

-नगर निगम की पार्किंग की स्थिति

गोविंदगंज मार्केट और कचहरी वाली पार्किंग रहती है खाली

नगर निगम की ओर से गोविंदगंज पुल के नीचे बने पार्किंग स्थल पर चार कारें खड़ी मिलीं। यहां मौजूद कर्मचारी ने बताया कि दिनभर में चार-छह गाड़ियां ही आकर खड़ी होती हैं, जबकि इस पार्किंग स्थल को गोविंदगंज मार्केट तथा कचहरी में आने वाले लोगों के लिए बनाया गया है। यहां रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना रहता है।

खिरनीबाग में मोहल्ले वाले ही खड़े करते हैं अपने वाहन

खिरनीबाग में जेल के पीछे स्थित पार्किंग में तमाम कारें व बाइकें खड़ी मिलीं। कर्मचारी ने बताया कि अधिकांश वाहन मोहल्ले वालों के ही है, जोकि शुल्क नहीं देते। सुबह से एक भी गाड़ी पार्किंग में खड़ी होने नहीं आई। यही हाल शहीद द्वार में बनी पार्किंग का भी था। यहां पर गिनी-चुनी गाड़ियां ही खड़ी मिलीं।

सड़कों पर वाहन खड़ा करके जाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस को चालान की कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए यातायात प्रभारी से बातचीत कर निर्देश दिए जाएंगे। सड़क पर किसी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। लोग अपने वाहन पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। – संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button