Shahjahanpur News: संशोधित…जमीन के विवाद में प्राॅपर्टी डीलर की हत्या
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी रियासत अली (50) को जमीन के विवाद में कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। घटना में उनके ही कुछ रिश्तेदारों के शामिल होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। वह जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता था।
रियासत की मोहल्ला लोदीपुर में पुश्तैनी जमीन है। जमीन को वह बेचना चाहते थे। बुधवार को वह जमीन बिक्री के लिए ग्राहक को दिखाने के लिए ले गए। जमीन की बिक्री का रिश्तेदारों ने विरोध किया था। रात करीब 11 बजे रोजा थाना क्षेत्र के रेती रोड पर सत्यम इम्पीरिया लॉन के पास कुछ लोगों ने रियासत को घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीट दिया।
गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुश्तैनी जमीन को लेकर रियासत का रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था। मामले की जांच की जा रही है। संवाद