Shahjahanpur News: टेंडर की प्रक्रिया पूरी, जल्द ही शुरू होगा एफओबी का निर्माण
शाहजहांपुर। रेलवे जंक्शन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण होना है। इसको लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। हालांकि उससे पहले अमृत योजना के तहत चुने गए शाहजहांपुर जंक्शन समेत सभी स्टेशनों पर निर्माण कार्य का शिलान्यास होना है।
शाहजहांपुर जंक्शन को अमृत योजना के तहत चुना गया है। इसको एनएसजी-3 की श्रेणी में बदला जाएगा। इसके लिए शाहजहांपुर-पीलीभीत आने-जाने वाली ट्रेनों के लिए बने प्लेटफार्म से मालगोदाम रोड को जोड़ने के लिए 12 करोड़ रुपये से नया पुल बनाया जाएगा। रेलवे ने इसके लिए बजट आवंटित कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया है कि अमृत योजना के तहत होने वाले कार्यों का शिलान्यास किए जाने की योजना चल रही है। इसको लेकर मंडल मुख्यालय से सूचना मिली है। हालांकि अभी शिलान्यास के लिए कोई तारीख तय नहीं है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि अगले 15 से 20 दिनों में हो सकता है। अमृत योजना के तहत चयनित सभी स्टेशनों पर निर्माण कार्यों का शिलान्यास एक साथ किए जाने की तैयारी है।
एफओबी के अलावा ये कार्य भी होंगे
जंक्शन पर शाहजहांपुर-पीलीभीत की ट्रेनों का आवागमन होने वाले प्लेटफार्म नंबर सात से लेकर मालगोदाम रोड तक एफओबी का निर्माण होना है। साथ ही एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को सामान उठाकर एफओबी की सीढि़यां न चढ़नी पड़ें। इनके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया को बढ़ाने की योजना भी है। इसके तहत शाहजहांपुर-पीलीभीत लाइन के प्लेटफार्म को मुख्य जंक्शन से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया का सुंदरीकरण भी होगा।
तोड़ा जाएगा जीआरपी थाना और यात्री विश्रामालय
रेलवे जंक्शन पर ही प्लेटफार्म नंबर एक पर जीआरपी थाना, डाकघर, पार्सल, यात्री विश्रामालय, कैरिज एंड वैगन ऑफिस, आरपीएफ थाना स्थित है। इनको भी हटाए जाने का विचार है। इसको लेकर मुरादाबाद मंडल के डीआरएम रहे अजय नंदन ने अपने निरीक्षण के दौरान निर्देश किया था। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक इन भवनों को हटाकर कुछ और बनाया जा सकता है। जबकि हटाए जाने वाले भवनों में चल रहे कार्यालयों के लिए दूसरी जगह दी जाएगी।
– 05 हजार यात्री हर रोज यहां से सफर करते हैं। इतने ही आने की संभावना है।
– 67 जोड़ी अप और डाउन लाइन की ट्रेनों का संचालन किया जाता है।
– 150 मालगाड़ी भी यहां से गुजरती हैं।
अमृत योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्यों का जल्द ही शिलान्यास होने वाला है, जिसके संकेत उच्चाधिकारियों से प्राप्त हुए है। हालांकि अभी कोई तिथि तय नहीं हुई है। शिलान्यास के बाद एफओबी आदि का निर्माण शुरू होगा। इसका टेंडर हो चुका है। – पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक