Shahjahanpur News: झगड़े में घायल महिला ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ा

गांव जादौंपुर कलां की अमीर बानो का फाइल फोटो। संवाद
खुटार। गांव जादौंपुर कलां में चार दिन पहले बच्चों के विवाद में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने से घायल अमीर बानो की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई।
गांव के वली मोहम्मद और सदाकत के बीच चार दिन पहले बच्चों के विवाद में झगड़ा हो गया था। एक पक्ष की ओर से वली मोहम्मद की पत्नी अमीर बानो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार के ही सदाकत, वली उल्ला, रियासत, नजाकत ने उनके पति को पीटकर घायल कर दिया था। बचाने पर अमीर बानो, जकाउल्ला, नन्हीं बिटिया, नूर बानो, उवैसी खातून को भी घायल कर दिया था।
दूसरे पक्ष से सदाकत ने अमीर बानो, वली मोहम्मद, जकाउल्ला, फखरुद्दीन, कमरुद्दीन, इस्लामुद्दीन पर डंडों और धारदार हथियारों से हमले का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गंभीर हालत में अमीर बानो को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। परिजन उन्हें पीलीभीत के एक अस्पताल ले गए थे। रविवार को पीलीभीत से लखनऊ ले जाते समय अमीर बानो ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
अमीर बानो की मौत से पति वली उल्ला, पुत्री जेबा, पुत्र हसनैन रजा, निस्बत रजा, आले रजा का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि अमीर बानो की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उपचार के दौरान अमीर बानो की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं तरमीम की जाएंगी।
जादौंपुर कलां में अमीर बानो और उनके देवर आदि के बीच बच्चों के विवाद में मारपीट हो गई थी। उपचार के दौरान महिला की मौत हुई है। धाराएं तरमीम कर कार्रवाई की जाएगी। -संजीव वाजपेयी, एसपी ग्रामीण शाहजहांपुर