राहगीर ने बचाई जान: साथियों को नहाता देख बच्चे ने भी तालाब में लगा दी डुबकी, ऐसे बची जान

फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामपुर के मसवासी चौकी क्षेत्र के बिजारखाता गांव के तालाब में साथ के बच्चों को नहाता देख चार वर्षीय अर्शमान भी तालाब में घुस गया। वह डूबने लगा तो बच्चों ने शोर मचा दिया। संयोग से उधर गुजर रहे एक युवक ने तालाब में छलांग लगा दी और बच्चे को बाहर निकाल लिया। बच्चे को उलटा कर उसके पेट में घुसा पानी बाहर निकाल लिया गया लेकिन तब तक बच्चे की हालत गंभीर हो चुकी थी जिससे आनन-फानन में उत्तराखंड के बाजपुर स्थित अस्तपाल ले जाया गया जहां से काशीपुर रेफर कर दिया गया है।
घटना शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे की बताई गई है। बिजारखाता गांव के कुछ बच्चे खानपुर उत्तरी मांर्ग स्थित तालाब पर खेलने चले गए थे जिसमें चार वर्षीय अर्शमान पुत्र नाजिम हुसैन सैफी भी था। उसके साथ के बच्चे तालाब में घुसकर नहाने लगे। इसी दौरान अर्शमान भी तालाब में घुस गया। तालाब में घुसते ही वह गहराई में डूबने लगा। डुबकी लगते देख नहा रहे बच्चों ने चीख पुकार मचा दी। संयोग से इसी दौरान बिजारखाता गांव निवासी नासिर हुसैन अंसारी पास से ही गुजर रहे थे। नासिर हुसैन ने अपनी परवाह न करते हुए तालाब में छलांग लगा दी और डूब रहे बालक को बाहर निकाल लिया।
बच्चा पानी पी चुका था और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। युवक ने उसे उल्टा कर पेट से पानी बाहर निकाला और वह दौड़ लगाते हुए नाजिम सैफी के घर पहुंचा। बच्चे को गंभीर हालत में तत्काल ही उत्तराखंड के बाजपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक द्वारा उपचार किया गया लेकिन हालत स्थिर होते देख बेहतर इलाज के लिए काशीपुर ले जाया गया है।


