Budaun News: आधार कार्ड सेंटर बनवाने के नाम पर दिव्यांग से दो लाख रुपये ठगे
उझानी। आधार कार्ड सेंटर आवंटित कराने के नाम पर दिव्यांग शुभम चौहान से दो लाख रुपये ठग लिए गए। कई महीनों तक आईडी नहीं मिलने पर शुभम ने आरोपी से रुपये लौटाने को कहा तो उसे धमकाया गया। पुलिस ने कुंवरगांव निवासी सुमित सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ठगी का शिकार दिव्यांग शुभम चौहान सरौता निवासी देवेंद्र सिंह का पुत्र है। शुभम का गोशाला रोड पर जनसेवा केंद्र है। शुभम ने बताया कि केंद्र पर करीब दो महीने पहले कुंवरगांव निवासी सुमित सक्सेना आया। सुमित ने शुभम को आधार कार्ड सेंटर आवंटित कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह धीरे-धीरे करीब आधार केंद्र सेंटर आवंटित कराने के नाम पर दो लाख रुपये ले गया।
जब भी शुभम ने उससे आईडी मिलने में देरी के बावत पूछा , सुमित गुमराह करता रहा। पिछले दिनों आरोपी जनसेवा केंद्र पर पहुंचा। आरोप है कि रुपये मांगने पर उसने शुभम को जान से मारने की धमकी दी। शुभम के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। इसके बाद शुभम ने कोतवाली जाकर पुलिस को मामले से अवगत कराया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शुभम की तहरीर पर सुमित सक्सेना के खिलाफ धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
–
सेंटर आवंटित कराने के नाम पर पहले भी हो चुका है खेल
आधार कार्ड सेंटर आवंटित कराने में पहले भी खेल हो चुका है। बताते हैं कि सुमित ने एक जनसेवा केंद्र के संचालक से सांठगांठ कर किसी कंपनी के जरिये आईडी जारी करा दी थी। इस आईडी से जिन बच्चों के आधार कार्ड बनाए गए, उन्हें यूआईडीएआई की ओर से अनुमोदित नहीं किया गया। जनसेवा केंद्र संचालक को जब इसका पता लगा तो उसने आवेदक बच्चों के अभिभावकों को रुपये लौटा दिए थे।


