Shahjahanpur News: पुलिया पर कार फंसने के मामले में जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

जैतीपुर में पुलिया के पास मिट्टी के बोरे लगा दिए गए। संवाद
0 शनिवार को भी काम रहा जारी, पुलिस ने विवेचना शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। दातागंज-फतेजगंज पूर्वी मार्ग पर मरुआझाला के पास निर्माणाधीन पुलिया में कार फंसने के बाद दो भाइयों और मां के घायल होने के मामले में जेई और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शनिवार को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिया के दोनों ओर मिट्टी के ढेर व बोरे लगा दिए गए।
अलीगढ़ जिले के सर सैयदनगर निवासी नुमैर खान अपनी ननिहाल चौक कोतवाली क्षेत्र के हयातपुरा स्थित असलम खां के घर आ रहे थे। उनके साथ मां रेहान व छोटा भाई हसन उर्फ निक्कू भी थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दातागंज-फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के ऊपर चढ़कर कार फंस गई थी।
हादसे में नुमैर का हाथ तो मां रेहाना की पीठ की हड्डी टूट गई थी। भाई को भी चोटें आईं थीं। नुमैर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मै. शकुंतला फर्म के मालिक रमेश सिंह द्वारा पुलिया का निर्माण कार्य कराए जाने के दौरान संकेतक व अवरोधक नहीं लगाए गए थे। इसके चलते गाड़ी पुलिया पर जाकर फंस गई।
इसके बाद फर्म के जेई शैलेंद्र सिंह अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ कुदाल और फावड़ा लेकर आ गए। गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। लोगों के आने पर आरोपी भाग गए। उन्हें सीढ़ी लगाकर नीचे उतारा गया। पुलिस ने फर्म के जेई शैलेंद्र सिंह और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अवधेश सेंगर ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिया के पास लगाए मिट्टी के ढेर
शनिवार को पुलिया पर काम जारी रहा। हादसा होने के बाद कार्यस्थल के दोनों तरफ मिट्टी के बोरे भरकर मिट्टी के ढेर लगा दिए गए। साथ ही बोर्ड के साथ रिफ्लेक्टर टेप लगाया गया है। सड़क के डायवर्जन से सौ मीटर पहले भी एक बोर्ड लगा हुआ है।
घटना की जानकारी पुलिस से मिली है। मैं या फर्म का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं गया था। लगाए गए आरोप निराधार है।
– शैलेंद्र सिंह, जेई, मैसर्स शकुंतला फर्म