Shahjahanpur News: व्यापारी की कार पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती संजय अग्रवाल। संवाद
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मघईटोला निवासी संजय कुमार अग्रवाल पर शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर दी। गोली उनकी कार के शीशे से होती हुई सीट में घुस गई। घटना के बाद दहशतजदा संजय बेहोश हो गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी व सीओ सिटी ने मौका-मुआयना किया है।
मोबाइल कारोबारी संजय अग्रवाल राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैंटीन संचालन करते हैं। उनका रुपयों को लेकर नगर के कुछ प्रतिष्ठित व्यापारियों से विवाद भी चल रहा है। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह केरूगंज से मघईटोला होते हुए कैंटीन जा रहे थे। हाईवे के मोड़ पर हेलमेट लगाए बाइक सवार ने उन्हें रुकने का इशारा किया। कार को रोकते ही बाइक सवार ने सामने से गोली चला दी। गोली शीशे को तोड़ते हुए संजय की ड्राइविंग सीट में जा घुसी। अचानक हमला होने पर उन्होंने कार की रफ्तार को बढ़ा दिया। इसके बाद बाइक सवार ने दूसरा फायर भी किया। तभी आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर हमलावर मौके से भाग गया। घटना के बाद संजय को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, सीओ सिटी बीएस वीर कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संजय के बयान लिए हैं। पुलिस के अनुसार, संजय के शरीर पर कोई जख्म नहीं है। फायर के दौरान टूटे शीशे से मामूली चोट आई है। पुलिस ने कार की तलाशी भी ली है, जिसमें कहीं खून नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम ने भी कार से साक्ष्य जुटाए हैं। देर रात तक मामले में काेई तहरीर नहीं दी गई है।
परिजन बोले, हमें मालूम किसने कराया हमला
-घटना के बाद पत्नी हेमा अग्रवाल, बड़े भाई नरेश अग्रवाल व बेटा आकाश अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसी पर सीधे आरोप नहीं लगाया है। पत्नी बोलीं कि हमें मालूम है, उन्हीं लोगाें ने जान से मारने का प्रयास किया है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
एक मार्च को जहर खाकर जान देने का किया था प्रयास
-संजय अग्रवाल ने एक मार्च को जहर खाकर जान देने का प्रयास किया था। उनकी पत्नी हेमा अग्रवाल ने थाने में तहरीर देकर उद्योगपति पर प्लाॅट की बिक्री के 11 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। डेढ़ माह पहले संजय अग्रवाल ने मीडिया के सामने आकर एक महिला द्वारा सामूहिक दुष्कर्म के मामले में खुद को बेगुनाह बताते हुए जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि उनके विरोधियों ने उनके ऊपर गंभीर आरोप लगवाया है। मामला कोर्ट में है।
-फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। फायर करने के मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी



