Budaun News: गोआश्रय स्थल में गाय की मौत, कुत्तों ने नोंचा शव


ग्राम पंचायत दांवरी गोआश्रय स्थिल में मौजूद गाय। संवाद
तहसील से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारी अनभिज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी
फैजगंज बेहटा । गोवंश को लेकर सूबे के मुखिया बेहद गंभीर है, लेकिन जिले में आज भी जिम्मेदार इतने गंभीर नहीं दिख रहे हैं। जिले के ब्लॉक आसफपुर क्षेत्र के एक गांव में संचालित गोआश्रय स्थल से ऐसी ही एक घटना सामने आई है। यहां रविवार को कई दिनाें से भूख-प्यासी एक गाय की ठंड से मौत हो गई। बावजूद इसके यहां संचालक ने मृत गाय का शव भी नहीं दफनाया, जिससे कुत्ते उसे नोंच ले गए।
कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने यह आदेश दिया था कि कड़ाके की सर्दी में कोई भी गोवंशीय पशु छुट्टा घूमता नजर नहीं आए। यदि कहीं पर भी कोई लापरवाही मिलती है तब संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम के आदेश के इतर तहसील बिसौली क्षेत्र के तहत आने वाले विकास खंड आसफपुर के गांव दांवरी गांव में संचालित गोआश्रय स्थल में रविवार को एक गाय की ठंड से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार गाय कुछ दिन से भूखी-प्यासी थी और सर्दी से भी बेहाल थी। आरोप है कि गाय की मौत के बाद संचालक ने उसके शव को नहीं दफनाया, जिससे कुत्तों ने उसके शव को नोंच डाला।
–
कुंवरगांव के गोआश्रय स्थल में भी हो चुकी है गाय की मौत
दो दिन पहले जिला पंचायत द्वारा संचालित कुंवरगांव के गोआश्रय स्थल में भी एक गोवंश की ठंड से मौत हो गई थी। लगातार हो रही गोवंश की मौतों से यह स्पष्ट हो गया है कि जिले के गोआश्रय स्थल में व्यवस्थाएं आधी-अधूरी हैं।
–
गोवंश की मौत की जानकारी नही है लेकिन अगर ऐसा हुआ है तो इसको बीडीओ के माध्यम से दिखवाते हैं, दोषी किसी हालत में नहीं बख्शे जाएंगे।
– वीके सिंह, एडीएम प्रशासन


