Shahjahanpur News: क्रमिक भूख हड़ताल के लिए अधिकारियों को नोटिस

कलेक्ट्रेट में एडीएम प्रशासन को नोटिस देते शिक्षक-कर्मचारी। संवाद
शाहजहांपुर। पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच (एनजेसीए) के पदाधिकारी आठ से 11 जनवरी तक स्टेशन पर क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे। इसको लेकर शुक्रवार को एसपी, एडीएम प्रशासन, स्टेशन अधीक्षक और सीएमओ को मंच ने नोटिस दिया। इसके बाद स्टेशन स्थित सभागार में बैठक कर कार्ययोजना तैयार की।
एनजेसीए के जिला संयोजक नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि रोजाना सुबह नौ से शाम पांच बजे तक 50 से 75 शिक्षक-कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। अगले दिन दूसरे कर्मचारी भूख हड़ताल पर रहेंगे। बाकी शिक्षक व कर्मचारी सहयोगी के रूप में आंदोलन स्थल पर रहेंगे। इनके साथ ही सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों का सभा स्थल पर संबोधन होगा। भूख हड़ताल के बाद केंद्रीय नेतृत्व के अगले निर्देश पर देशव्यापी महा हड़ताल के लिए सभी तैयार हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय ने कहा कि क्रमिक भूख हड़ताल में रेलवे, डाक विभाग के अलावा राज्य कर्मचारी सयुंक्त परिषद, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, प्रांतीय एससी एसटी शिक्षक संघ, डिप्लोमा इंजिनियर महासंघ, उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ, कोषागार कर्मचारी संघ, यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी संघ और अन्य महासंघों से संबद्ध कई अन्य संगठन शामिल होंगे। 11 जनवरी को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जाएगा। इस मौके पर जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मगरे लाल, जिला मंत्री विश्राम सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रत्नाकर दीक्षित, नरमू के शाखाध्यक्ष राम औतार शर्मा, शाखा सचिव शिवकुमार सक्सेना, यतेंद्र त्रिवेदी, शुभम मिश्रा, मुनेंद्र, त्रिलोक चंद्र, चंदा, राकेश शर्मा, लाखन, जितेंद्र, धंनजय, कौशल, अजय शर्मा, जयपाल सिंह, ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रघुनंदन मौजूद रहे।