Rampur News: आज होगी पालिकाध्यक्ष की ताजपोशी, सभासद भी लेंगे कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
रामपुर। शुक्रवार को रामपुर नगर पालिका को अपना नया पालिकाध्यक्ष मिल जाएगा। इसके साथ ही अन्य निकायों में भी अध्यक्षों की ताजपोशी कर दी जाएगी। साथ ही 231 सभासद भी कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पालिका और पंचायतों में अधिकारियों ने जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। अधिकारियों की बैठक के बाद बताया गया कि रामपुर, स्वार, नरपतनगर दूंदावाला में शुक्रवार को और टांडा, दढि़याल, मिलक, बिलासपुर, शाहबाद और केमरी में शनिवार को प्रत्याशियों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी।
रामपुर स्थानीय नगर निकाय चुनाव 2023 में इस बार नगर पालिका के अध्यक्ष पद प्रत्याशी के रूप में रामपुर से आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी सना खानम विजयी हुई हैं। यहां पर नगर पालिका परिसर में टेंट और लाइटिंग की व्यवस्था के बीच एसडीएम सदर निरंकार सिंह सना खानम को शपथ ग्रहण कराएंगे। इसके साथ ही 31 निर्दलीय, 10 भाजपा और 02 आम आदमी पार्टी के सभासद भी शपथ लेंगे। यहां पर शपथ ग्रहण समारोह का समय छह बजे रखा गया है। इसके लिए नगर पालिका कर्मचारियों ने तैयारियां पूरी कर ली है। ईओ अवनीश कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण में कोविड नियमों का ध्यान रखते हुए एक हजार लोगों के बीच शपथ ग्रहण कार्यक्रम करा दिया जाएगा।
स्वार नगर पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी अपना दल एस प्रत्याशी रेशमा परवीन के साथ सभासदों को एसडीएम आज शपथ ग्रहण कराएंगे। जबकि नगर पंचायत नरपतनगर दूंदावाला में शपथ ग्रहण कार्यक्रम बड़ा तकिया के मैदान में शाम पांच बजे तक होगा। पूर्व मंत्री आजम खां के आने की संभावना है जबकि दढि़याल में 27 मई को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। टांडा एसडीएम डॉ अभिनीत कुमार कुमार शपथ दिलाएंगे। समय और स्थान अभी निश्चित नहीं किया गया है। एसडीएम सुनील कुमार ने बतया कि शाहबाद और सैफनी को शनिवार यानी 27 मई को शपथ ग्रहण का दिन तय हुआ है। सैफनी जनता इंटर कॉलेज में अध्यक्ष और सभासदों को शपथ दिलाई जाएगी। शाहबाद में नगर पंचायत परिसर में शपथ दिलाई जाएगी। केमरी नगर पंचायत में चेयरमैन पद प्रत्याशी रफत जहां व सभी सभासदों को उप जिलाधिकारी मयंक गोस्वामी 27 मई को दोपहर एक बजे नगर पंचायत परिसर में शपथ ग्रहण कराएंगे।