Budaun News: संपत्ति के विवाद में भाई को घेरकर गोली मारी
उघैती। संपत्ति के विवाद में युवक को उसके ही सगे भाई ने दो साथियों के साथ घेरकर गोली मारकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं निवासी 40 वर्षीय महेश चंद्र शर्मा का सगे भाई से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को महेश किसी काम से उघैती थाना क्षेत्र के गांव सराह बरौलिया आए थे। काम निपटाने के बाद वह वापस घर जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे सराह बरौलिया और स्वरूपपुर के बीच सगे भाई नरेश ने अपने दो साथियों के साथ घेर लिया और गोली मार दी। गोली उसके हाथ में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
फायर की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। एसओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।


