शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: ओवरलोडिंग से फिर जली दुर्गा एन्क्लेव की बंच लाइन, पानी को तरसे लोग

Connect News 24

Durga Enclave's bunch line burnt again due to overloading, people yearn for water

शाहजहांपुर में ग्रामीण इलाकों में बिजली की लाइनों को दुरुस्त करते कर्मचारी।

शाहजहांपुर। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर रखा है। शहर की दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी में ओवरलोडिंग के कारण सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे फिर बंच लाइन जल गई। इसके चलते सैकड़ों लोग परेशान रहे। अंधेरे में रात गुजारने के साथ पानी खत्म होने पर जनरेटर मंगाना पड़ा। आवास विकास बरेली मोड़ पर लोग ट्रिपिंग से जूझ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट और विकराल हो गया है।

दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी के बांशिंदे भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से बेहाल हो गए। रविवार रात ढाई बजे बंच लाइन में आग लगने के बाद सोमवार दोपहर 12:30 बजे आपूर्ति शुरू हो पाई। लोग कुछ देर ही एसी, कूलर व पंखों का आनंद ले पाए। इसी बीच रात करीब साढ़े नौ बजे फिर बंच लाइन में आग लग गई। दो हजार कनेक्शनधारकों वाली कॉलोनी के एक ट्रांसफार्मर से सप्लाई मिलना बंद हो गई।

पूरी रात लोग गर्मी में परेशान रहे। सुबह पानी का संकट खड़ा हो गया। नित्य क्रिया के लिए पानी उपलब्ध न होने पर लोगों ने जनरेटर की व्यवस्था कर सबमर्सिबल चलाकर पानी के टैंक भरे। करीब 12 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र के जेई अंकित तिवारी ने बताया कि कॉलोनी की बंच लाइनें काफी पुरानी हैं। इसलिए लोड बढ़ने पर फाल्ट आ जाता हैं।

ट्रांसफार्मर में फाल्ट, ट्रिपिंग से जूझे आवास विकास कॉलोनी वाले

आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ में विद्युत आपूर्ति दो दिनों से लोगों को परेशान किए हुए है। रात नौ बजे के बाद से हर पांच मिनट में ट्रिपिंग होने से भयंकर गर्मी में लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा। वहीं दिनभर लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में पिछले कुछ दिन से तकनीकी फाल्ट आ गया। इसके चलते ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

रात में नौ बजे के बाद ट्रिपिंग होने लगती है। भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं मिल पाने के कारण लोग परेशान हैं। कॉलोनी की कामाक्षी वर्मा कहती हैं कि रात्रि में विद्युत कटौती होने से नींद खराब होती है। संगीता यादव, उज्जवल शर्मा, ज्ञानेंद्र ने बताया कि कई बार कॉलोनी में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर इस आशय से शिकायत की गई, लेकिन कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। कॉलोनी के कुलदीप सिंह, राजीव सक्सेना, प्रशांत सक्सेना, पवन गुप्ता, सुषमा वर्मा, अनीता गुप्ता, पुष्पा शर्मा आदि ने एसडीओ से फाल्ट ठीक कराकर विद्युतापूर्ति सुचारू रूप से दिए जाने की मांग की है। जेई संजीव कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी फाल्ट होने के चलते बदलवाया जा रहा है।

तेज हवा के चलते ग्रामीण इलाकों में बत्ती गुल

-मंगलवार को तेज धूप के कारण ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल रही है। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कलान में सुबह चार बजे फाल्ट आने से बिजली गुल हो गई। पिलुआ फीडर की लंबी लाइन पर फाल्ट आने से लोग परेशान हो गए। भीषण गर्मी में कूलर, पंखे व एसी तक बंद हो गईं। वहीं दूसरी ओर जमौर विद्युत उपकेंद्र के कुतुबापुर, चांदापुर इलाके में बिजली लाइन पर पेड़ गिरने के चलते बिजली गुल रही।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button