Budaun News: तीन तस्कर गिरफ्तार, 918 ग्राम अफीम बरामद
वजीरगंज। पुलिस ने अफीम की तस्करी करने जा रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 918 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक एक बाइक से अफीम की तस्करी करने जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने सैदपुर-अमरोली मार्ग पर तीनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 918 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपने नाम भूदेव शर्मा, चरण सिंह तथा मोर सिंह निवासी गांव रूपपुरा थाना वजीरगंज बताए।
भूदेव ने बताया कि उसकी चाची सुशीला देवी के नाम पर अफीम की खेती का लाइसेंस है। वह उनकी खेती को बंटाई पर करता है। जबकि चरण सिंह के पिता के नाम पर अफीम की खेती का लाइसेंस है, अफीम जमा करने के दौरान उन लोगों ने इतनी अफीम बचा ली थी। उसी को बेचने वह बरेली जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 20 लाख रुपये है। पुलिस ने एनडीपीएस की धाराओं में तीनों पर एफआईआर दर्ज की है। संवाद