Shahjahanpur News: पुरानी रंजिश में पिटाई, पथराव के बाद फायरिंग, तीन जख्मी

चांदपुर में हुए फायरिग में घायल प्रीति देवी
खुटार (शाहजहांपुर)। पुरानी रंजिश के चलते सोमवार की रात 11 बजे गालीगलौज का विरोध करने पर पिटाई और पथराव के बाद फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से दंपती और उनके भतीजे की बहू घायल हो गई है। एक आरोपी रामबाबू दीक्षित गांव चांदपुर में ही सहकारी समिति में सचिव के पद पर है।
गांव चांदपुर में शाम सात बजे गांव के सुरेंद्र कुमार और रामबाबू दीक्षित के बीच विवाद हो गया था। सुरेंद्र कुमार की सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया और लौट गई। रात ११ बजे दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद होने पर पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आठ लोगों को पकड़ लिया। घायलों को खुटार सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
इस मामले में गांव चांदपुर के विशाल ने पुलिस को बताया कि 26 जून की शाम सात बजे गांव के रामबाबू दीक्षित, राजीव, रमेश, लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव इटौआ सुंदरपुर निवासी सौरभ उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगे। उनके पिता सुरेंद्र कुमार ने विरोध किया तो आरोपी झगड़े पर आमादा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और समझौता करा दिया।
रात ११ बजे आरोपी फिर से रामबाबू दीक्षित, राजीव, रमेश, सौरभ, शिवांशु, विपुल और पवन लाठी, डंडे, तलवार, तमंचे लेकर उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगे। उनके पिता ने जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपियों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। उनके पिता जान बचाने के लिए घर के अंदर भागे तो आरोपी घर में घुसकर फायरिंग करने लगे। गोली लगने से उनके पिता सुरेंद्र कुमार, भाई सर्वेश कुमार और भाभी प्रीति देवी घायल हो गईं। मां रीनू देवी तलवार के प्रहार से घायल हो गईं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
पहली बार में ही कार्रवाई की होती तो नहीं होता गोलीकांड
पुलिस अधिकारी तमाम बार कह चुके हैं कि छोटे मामलों को भी गंभीरता से लिया जाए और तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि विवाद बड़ा रूप न ले सके, लेकिन स्थानीय स्तर पर कर्मचारी सुनने को तैयार ही नहीं हैं। चांदपुर में रामबाबू और सुरेंद्र कुमार के बीच एक मामले को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। सोमवार शाम भी विवाद होने पर सुरेंद्र कुमार ने सूचना दी तो यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों को थाने ले जाने और कार्रवाई कराने के स्थान पर समझौता करा दिया, लेकिन पुलिस के जाते ही मामला फिर तूल पकड़ने लगा और रात 11 बजे फायरिंग में तीन लोग और तलवार लगने से एक महिला घायल हो गई। पुलिस शाम को ही गंभीरता से कार्रवाई करती तो फायरिंग की घटना को टाला जा सकता था।
चांदपुर में पहले महिलाओं और फिर पुरुषों के बीच विवाद हुआ। फायरिंग और पिटाई आदि में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आठ लोग हिरासत में लिए गए हैं, उनसे पूछताछ हो रही है।
– पंकज पंत, सीओ पुवायां
चांदपुर में सचिव के भाई ने भी दी तहरीर
खुटार। सोमवार रात हुई फायरिंग के मामले में सुरेंद्र कुमार के पुत्र की ओर से सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष से सहकारी समिति के सचिव रामबाबू के भाई राजीव दीक्षित ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात सुरेंद्र कुमार के पक्ष के लोगों के हमले में उनको गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा उनके परिवार के रमेश दीक्षित और शिवांशु दीक्षित घायल हुए हैं। उन लोगों को मेडिकल नहीं कराया गया है और रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की जा रही है। संवाद

चांदपुर में हुए फायरिग में घायल प्रीति देवी

चांदपुर में हुए फायरिग में घायल प्रीति देवी

चांदपुर में हुए फायरिग में घायल प्रीति देवी