Rampur News: गमगीन माहौल में दो गांवों में हुआ तीनों बच्चों का हुआ अंतिम संस्कार
रामपुर। धमोरा के निपनिया गांव में नहर में डूबे तीन बच्चों के शवों का बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया। दो बच्चों विवेक कुमार (13) और रोहन (12) का अंतिम संस्कार निपनिया और बच्चों के ममेरे भाई यशपाल (13) का अंतिम संस्कार मिलक के ऐंचोरा गांव में हुआ। बच्चों की मौत से दोनों ही गांवों में मातम छाया है। गांव में चूल्हे नहीं जले। मंगलवार शाम शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव निपनिया मझरा में नहर में नहाते समय तीनों बच्चों की डूबकर मौत हो गई थी। उनके शव शाम करीब सात बजे उतराते मिले थे। बुधवार सुबह निपनिया निवासी विवेक और रोहन की अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा। हर कोई बच्चों की मौत पर रो रहा था। वहीं यशपाल के परिजन मंगलवार की रात ही शव लेकर अपने गांव ऐंचोरा चले गए थे। वहां बुधवार को यशपाल का अंतिम संस्कार किया गया। यशपाल के एक और भाई है।
साहू नगला और निपनिया के बीच है नहरपूर्व प्रधान निपनिया मोअज्जम अली उर्फ भूरा खान ने बताया कि ग्राम साहू नगला और निपनिया के बीच नहर निकलती है। यहां पर मिट्टी खदान के गड्ढे बने हुए हैं। जिससे बच्चो गहरे पानी में चले गए।
चार बहनों का अकेला भाई था विवेक
पिता महेशपाल ने बताया कि विवेक अपनी चार बहनों का अकेला भाई था। वह पढ़ाई में काफी अच्छा था। वहीं रोहन के पिता राजपाल भी बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो रहे हैं। राजपाल ने बताया कि रोहन और विवेक हमेशा साथ रहते थे। मंगलवार को रोहन अपने ममेरे भाई यश और विवेक के साथ नहाने गया था। तीनों बच्चे एक साथ दुनिया से चले गए।
दूसरे दिन नहीं पहुंचा कोई अधिकारी
मंगलवार शाम तीन बच्चों की मौत की सूचना मिलने पर तहसीलदार राकेश चंद्रा और शहजादनगर थाना प्रभारी राजेश बैंसला भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद अधिकारी चले गए थे। बुधवार को कोई भी अधिकारी गांव में हाल जानने नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में रोष दिखा।