Shahjahanpur News: लापता बुजुर्ग का मिला शव, हत्या की आशंका
शाहजहांपुर/कांट। कांट थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया आस के मजरा गौटिया निवासी रामऔतार (65) का शव शनिवार सुबह सात बजे गांव से करीब एक किमी दूर खेत में भूसे के गूंगे के पास पड़ा मिला है। परिजनाें के अनुसार, उनके सिर पर चोट के निशान थे। नाक-कान से खून निकल रहा था। सूचना पर एसपी सिटी सुधीर जायसवाल और सीओ सदर अमित चौरसिया ने मौका-मुआयना किया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है।
रामऔतार शुक्रवार शाम को पांच बजे मूंगफली के खेत पर गए थे। देर तक वापस नहीं आने पर भाई भाईलाल ने तलाश शुरू की। रामऔतार का कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर राजाराम के खेत में लगे भूसे के गूंगे के पास उसका शव पड़ा मिला। भाईलाल ने बताया कि रामऔतार के सिर पर चोट का निशान मिला है। खून से कपड़े सने हुए थे। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने रंजिश से इन्कार किया, लेकिन हत्या की आशंका जताई है।
अविवाहित थे रामऔतार, भाई के पास रहते थे
रामऔतर ने शादी नहीं की थी। वह अपने भाई भाईलाल के पास रहते थे। भाई रामपाल, सेवाराम, भाईलाल, सत्यपाल उनकी मौत से काफी दुखी हैं। उनके नाम करीब सवा बीघा जमीन थी।
पुलिस वाहन को देखकर भागे थे रामऔतार
रामऔतार का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच की है। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि रामऔतार शराब बनाने के साथ पीते भी थे। पूर्व में आबकारी अधिनियम में वह जेल भी जा चुके हैं। शुक्रवार को गांव में विवाद होने पर पीआरवी को देखकर वह खेत से भागे थे। उसके बाद से लापता था।
रामऔतार शराब का आदी था। उसके नाक से खून बह रहा था। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -अमित चौरसिया, सीओ सदर